तिलक वर्मा T20 वर्ल्ड कप में किस नंबर पर करेंगे बैटिंग? पूरी जानकारी आ गई सामने
Tilak Varma: चोट और सर्जरी के बाद तिलक वर्मा एक बार फिर मैदान पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। लंबे ब्रेक के बाद वापसी करते हुए उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के अभ्यास मैच में यूएस के खिलाफ 38 रन की तेज पारी खेलकर साफ संकेत दे दिया है कि वह पूरी तरह फिट हैं और बड़े मंच पर असर छोड़ने के लिए बेताब हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि तिलक वर्मा मुख्य मुकाबलों में किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे? इसका जवाब भी उनकी बैटिंग और टीम की जरूरत में छुपा हुआ है। टीम मैनेजमेंट इस पर तैयारी लगभग कर चुका होगा।

नंबर तीन पर तय है तिलक की जगह
टीम मैनेजमेंट की योजना लगभग साफ है। ईशान किशन और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि तिलक वर्मा नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे। चौथे नंबर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरेंगे। यानी टॉप ऑर्डर में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है। टीम मैनेजमेंट वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में ज्यादा प्रयोग करने के मूड में नहीं है।
नंबर तीन पर क्यों फिट बैठते हैं तिलक?
तिलक वर्मा ने इससे पहले भी नंबर तीन पर शानदार प्रदर्शन किया है। उनका आखिरी टी20 मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में था, जहां उन्होंने 42 गेंदों में 73 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उस मैच में उन्होंने आक्रामकता और समझदारी का बेहतरीन संतुलन दिखाया था।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए तिलक नई गेंद को संभाल भी सकते हैं और जरूरत पड़ने पर रन गति भी बढ़ा सकते हैं। टी20 में यह पोजिशन बेहद अहम मानी जाती है, क्योंकि यहां से पारी की दिशा तय होती है।
टीम इंडिया के लिए बड़ा प्लस
अभ्यास मैच में 38 रन की पारी और पिछली 73 रन की धमाकेदार इनिंग यह बताती है कि तिलक फॉर्म में हैं। अगर वह नंबर तीन पर इसी लय में खेलते हैं, तो भारत का टॉप ऑर्डर और भी मजबूत हो जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर स्थिरता और आक्रामकता का कॉम्बिनेशन जरूरी होता है। तिलक वर्मा इस भूमिका के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुख्य मुकाबलों में उनका बल्ला कितना धमाल मचाता है।












Click it and Unblock the Notifications