'पाकिस्तान की स्लेजिंग का जवाब हमने ट्रॉफी जीतकर दिया', एशिया कप के हीरो तिलक वर्मा ने किए कई खुलासे
Tilak Varma Breaks Silence on Pakistan: भारत को 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका तिलक वर्मा की रही। तिलक वर्मा ने एशिया कप 2025 के फ़ाइनल में पाकिस्तान के खिलाड़ियों द्वारा की गई आक्रामक स्लेजिंग पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि ख़िताब जीतना ही पाकिस्तान को दिया गया सबसे बेहतरीन जवाब था।
देश के लिए जीतना चाहता था मैच (Tilak Varma Breaks Silence on Pakistan)
दुबई में हुए फ़ाइनल में तिलक ने नाबाद 69 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। जिसकी बदौलत भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया। दुबई से लौटने के बाद तिलक ने स्वीकार किया कि पारी की शुरुआत में उन पर दबाव और घबराहट थी, लेकिन उन्होंने देश को सबसे ऊपर रखा। तिलक वर्मा ने कहा कि मैंने अपने देश को हर चीज़ से ऊपर रखा है और मैं यह मैच देश के लिए जीतना चाहता था। मुझे पता था कि अगर मैं उस समय दबाव में आ जाता तो मैं ख़ुद को और देश के 140 करोड़ लोगों को निराश करता।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने की थी स्लेजिंग
तिलक ने माना कि मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने काफ़ी स्लेजिंग की। लेकिन उन्होंने मौन रहना और सिर्फ़ अपने खेल पर ध्यान देना बेहतर समझा। उन्होंने बताया कि जब हमने जल्दी तीन विकेट गंवा दिए तो माहौल थोड़ा गर्म था। मैं सामान्य से थोड़ा पहले बल्लेबाज़ी के लिए आया। लेकिन मैंने टीम और देश को निराश न करते हुए कोई अभद्र शब्द नहीं कहा और न ही कोई जल्दबाज़ी वाला शॉट खेला।
मैच के बाद दिया तगड़ा जवाब
तिलक ने खुलासा किया कि जब लक्ष्य हासिल हो गया तब उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान मैं सिर्फ़ अपनी बुनियादी बातों पर ध्यान केंद्रित कर रहा था। मैं उन्हें जवाब देने के लिए तैयार नहीं था। जो कुछ भी मुझे उन्हें बताना था, वह मैंने मैच के बाद बताया, खेल के दौरान नहीं। अंतिम ओवर में जब भारत को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे तो तिलक ने कहा कि वह दबाव से उबर चुके थे।
उन्होंने कहा कि मैं दबाव में नहीं था। मुझे पता था कि मैं मैच जिताऊंगा। मैं सिर्फ़ अपने देश के बारे में सोच रहा था और एक बार में एक गेंद पर ध्यान केंद्रित कर रहा था। मुझे देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर गर्व है।












Click it and Unblock the Notifications