भारतीय महिला टीम ने रचा नया इतिहास, ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप जीतकर काटा बवाल
भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने एक नया इतिहास लिख दिया है। टीम इंडिया ने पहले महिला टी20 ब्लाइंड वर्ल्ड कप के फाइनल में अपने पड़ोसी प्रतिद्वंद्वी नेपाल को 7 विकेट से रौंदकर अजेय रहते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। हाल ही में भारत की महिला टीम ने वनडे वर्ल्ड कप जीता था और अब दृष्टिबाधित टीम ने भी धमाका किया है।
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया, जो शुरू से ही कारगर साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार सटीकता और कसी हुई लाइन-लेंथ से नेपाल के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पूरे 20 ओवर की पारी में नेपाल की टीम केवल एक ही बाउंड्री लगा सकी, जो भारतीय टीम के बेहतरीन फील्डिंग और दबाव बनाने की रणनीति को दर्शाता है। नेपाल 5 विकेट के नुकसान पर 114 रन ही बना पाई, जिसमें सरिता घिमिरे का 35 रनों का योगदान सर्वोच्च रहा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और दिखा दिया कि वे इतिहास रचने के इरादे से मैदान में आई हैं। भारत के लिए इस निर्णायक मुकाबले की स्टार रहीं फुला सरेन, जिन्होंने अपने बल्ले से एक ऐसी पारी खेली जो बरसों तक याद रखी जाएगी। फुला ने सिर्फ 27 गेंदों पर चार चौकों की मदद से नाबाद 44 रन बनाए और टीम को जीत की दहलीज तक ले गईं। उनकी यह तेज पारी ही इस बात की गवाह है कि भारतीय टीम ने किस कदर मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
भारतीय टीम ने केवल 12.1 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 117 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ विकेट की शानदार जीत मिली थी। यह टाइटल जीत भारतीय क्रिकेट में महिलाओं के लिए एक नई प्रेरणा लेकर आई है।
#WATCH | Colombo | India wins the Women's T20 Cricket World Cup for the Blind 2025 beating Nepal by 7 wickets pic.twitter.com/QSL1iMOKhY
— ANI (@ANI) November 23, 2025
यह विश्व कप की जीत इस बात का संदेश है कि खेल में दृष्टि की नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प की ज़रूरत होती है। भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने विश्व चैंपियन बनकर देश को एक बार फिर गौरवान्वित किया है।












Click it and Unblock the Notifications