The Hundred में हैरी ब्रूक का तूफान! ताबड़तोड़ अंदाज में जड़ दिए 56 रन, डेविड मिलर भी चमके
The Hundred 2025 Harry Brook: द हंड्रेड 2025 में शनिवार का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मुकाबले में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स ने मौजूदा चैम्पियन ओवल इनविंसिबल्स को 16 रन से हराकर अंक तालिका में टॉप-3 में जगह पक्की कर ली। हैरी ब्रूक और डेविड मिलर की तूफानी पारियों ने मैच का रुख शुरुआत से ही सुपरचार्जर्स के पक्ष में कर दिया। जिसकी बदौलत टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
हैरी ब्रूक ने 27 गेंदों जड़ दिए 56 रन (The Hundred 2025 Harry Brook)
हैरी ब्रूक ने 27 गेंदों में 56 रन बनाकर धमाल मचा दिया। उन्होंने इंग्लैंड के ही स्टार गेंदबाजों गस एटकिंसन, विल जैक्स और कर्रन ब्रदर्स (सैम और टॉम) की जमकर खबर ली। उनकी पारी में 5 गगनचुंबी छक्के और 3 चौके शामिल रहे। अंत में ब्रूक को सैम कर्रन ने कैच आउट कराया, लेकिन तब तक सुपरचार्जर्स का स्कोर मजबूत हो चुका था। यहां से ओवल इनविंसिबल्स के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया।

सुपरचार्जर्स की विस्फोटक बैटिंग लाइन-अप
सुपरचार्जर्स ने 100 गेंदों में 198/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। ब्रूक के अलावा ज़ैक क्रॉली ने 25 गेंदों में 49 रन बनाए, जबकि साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर ने सिर्फ 16 गेंदों पर 37 रन ठोक दिए। मिलर ने भी ब्रूक जितने 5 छक्के लगाए। इसके अलावा डेविड मलान ने 34 रन का योगदान दिया। ओवल की तरफ से विल जैक्स सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 15 गेंदों में 25 रन देकर 1 विकेट लिया।
ओवल की वापसी की कोशिश नाकाम
198 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ओवल इनविंसिबल्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन उनके शीर्ष चार बल्लेबाज 24 से 30 रन के बीच आउट होते गए। डोनोवन फेरेरा ने 15 गेंदों पर 41 रन की आतिशी पारी खेली और टीम को जीत की उम्मीद दी, मगर बाकी बल्लेबाजों ने साथ नहीं दिया। ओवल की टीम 100 गेंदों में 182/7 पर रुक गई और उन्हें सीजन की दूसरी हार झेलनी पड़ी।
प्लेऑफ में दोनों टीमों की एंट्री
इस जीत के साथ सुपरचार्जर्स और इनविंसिबल्स दोनों ने प्लेऑफ के लिए जगह पक्की कर ली। दोनों के अंक 20-20 हो गए हैं, हालांकि नेट रन रेट के कारण सुपरचार्जर्स टॉप पर नहीं पहुंच सके। दिन के दूसरे मुकाबले में लंदन स्पिरिट ने सदर्न ब्रेव को 47 रन से हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं।












Click it and Unblock the Notifications