चैंपियन बनने के बाद बारबाडोस में फंसी टीम इंडिया! एयरपोर्ट बंद, होटल में रहना भी मुश्किल, कब होगी वापसी
T20 World Cup 2024, Team India: भारतीय टीम ने 17 साल के बाद टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को फाइनल मुकाबले में सात रनों से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। वेस्टइंडीज के बारबाडोस में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अंतिम के ओवर में दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
बारबाडोस में फंसी टीम इंडिया
हालांकि, भारतीय टीम अब तक वापस अपने देश नहीं लौट पाई है। मैच जीतने के बाद ही भारतीय टीम चार्टर प्लेन से अपने देश आने की तैयारी में थी। लेकिन बेरिल तूफान के कारण यह प्लान सफल नहीं हो सका। दरअसल, रविवार शाम को ही इस तूफान के कारण हवाई अड्डा भी बंद कर दिया गया। जिस वजह से लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया।

बना हुआ है खतरा
इतना ही नहीं ब्रिज टाउन में कर्फ्यू भी लगा दिया गया है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक बैरिल के 130 मील प्रति घंटे से अधिक के हवाओं के साथ विंडवार्ड द्वीप समूह से टकराने की भी आशंका जताई गई है।
कमरे के अंदर हैं सभी खिलाड़ी
हालांकि, भारतीय टीम को तूफान से किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है। भारतीय टीम मौजूदा समय में हिल्टन होटल में ठहरी हुई है। लेकिन होटल में भी पूरी तरह से कर्फ्यू जैसा माहौल है। सभी खिलाड़ियों को अपने रूम में रहने की ही इजाजत दी गई है। ऐसे में उनके लिए होटल में रहना भी मुश्किल भरा काम हो गया है।
कब तक लौटेगी भारतीय टीम
भारतीय टीम ही नहीं बल्कि तूफान के कारण भारतीय खिलाड़ियों के साथ उनके परिवार और सहयोगी स्टाफ तथा अधिकारियों के साथ लगभग 70 लोग तूफान की वजह से फंसे हुए हैं। चार्ट फ्लाइट होने के बावजूद भी भारतीय टीम अब तक अपने देश नहीं लौट पाई है। देशवासी भारतीय खिलाड़ियों का आंखें बिछाए इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में देखना होगा कि भारतीय टीम कब तक वापस लौट पाती है?












Click it and Unblock the Notifications