IND vs USA: कौन हैं शाडली वैन शल्कविक? टी-20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में तोड़ा करोड़ों भारतीय फैंस का दिल?
T20 World Cup Match IND vs USA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में भारतीय टीम बड़ी परेशानी में नजर आई। एक ऐसे गेंदबाज ने टीम इंडिया के बल्लेबाजों में खौफ पैदा किया, जिसकी चर्चा भी नहीं हुई थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका (USA) के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाडली वैन शल्कविक ने अपने शुरुआती दो ओवरों में ही भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
शाडली वैन शल्कविक ने बरपाया कहर (T20 World Cup Match IND vs USA)
शल्कविक ने ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे जैसे बड़े नामों को पवेलियन भेजकर सनसनी मचा दी। फैंस को उम्मीद थी कि भारत के लिए सौरभ नेत्रवलकर सबसे बड़ा खतरा होंगे, लेकिन शल्कविक सरप्राइज पैकेज साबित हुए। उन्होंने अपने पहले दो ओवरों में शानदार नियंत्रण दिखाया। 16 गेंदों पर 20 रन बनाकर संघर्ष कर रहे ईशान किशन को मिलिंद कुमार के हाथों कैच कराया।

भारतीय बल्लेबाजों का फ्लॉप प्रदर्शन
शल्कविक ने आक्रामक दिख रहे तिलक वर्मा (25 रन, 16 गेंद) को कप्तान मोनांक पटेल के हाथों कैच आउट कराया। तिलक के आउट होने के बाद अगली ही गेंद पर शल्कविक ने शिवम दुबे को अपनी 'स्लोअर' गेंद से छकाया और उन्हें बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। शल्कविक एक समय हैट्रिक पर थे, लेकिन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अगली गेंद को सुरक्षित खेलकर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि से रोक दिया।
कौन हैं शाडली वैन शल्कविक
37 वर्षीय शाडली वैन शल्कविक का क्रिकेट सफर काफी लंबा रहा है। उनका जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था और उन्होंने वहां के घरेलू क्रिकेट में लगभग 12 साल बिताए। उन्होंने फरवरी साल 2008 में वेस्टर्न प्रोविंस के लिए डेब्यू किया था। दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने 97 प्रथम श्रेणी मैच खेले, जिसमें उन्होंने 239 विकेट लिए और 2593 रन भी बनाए। हालांकि, इतना शानदार रिकॉर्ड होने के बावजूद उन्हें कभी दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली।
अमेरिकी क्रिकेट में नया अध्याय
बेहतर अवसरों की तलाश में शल्कविक अमेरिका चले गए। उन्होंने अप्रैल 2024 में कनाडा के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच से अमेरिका के लिए अपना डेब्यू किया। वह 2024 के टी20 विश्व कप टीम का भी हिस्सा थे, जहां अमेरिका ने सुपर-8 तक पहुंचकर सबको चौंका दिया था। वर्तमान आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक 13 वनडे मैचों में 17 विकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 18 विकेट चटकाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications