'मेरा दिल टूट गया था', T20 World Cup की टीम से बिना बताए ही निकाल दिया, छलका जितेश शर्मा का दर्द
T20 World Cup Jitesh Sharma: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। लेकिन इससे पहले वह लगातार टीम के लिए टी-20 फॉर्मेट में खेलते रहे थे। जितेश ने बताया कि साल 2026 टी-20 वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिलना उनके लिए दिल तोड़ने वाला अनुभव था। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि टीम के ऐलान होने के आखिरी मिनट तक जितेश को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उन्हें ड्रॉप किया जा रहा है।
टीम में नाम नहीं देख मायूस हो गए थे जितेश शर्मा (T20 World Cup Jitesh Sharma)
जितेश शर्मा टीम की घोषणा होने तक लगभग हर टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। एक मीडिया प्लेटफॉर्म से बातचीत में जितेश ने कहा कि यह सच में दिल तोड़ने वाला था क्योंकि मैंने वर्ल्ड कप खेलने के लिए कड़ी मेहनत की थी। जब टीम आई और मेरा नाम नहीं था, तो मैं कुछ पल के लिए सुन्न रह गया था। मैं कुछ भी समझ नहीं पा रहा था, लेकिन यही शायद मेरी किस्मत थी।

अजीत अगरकर के फैसले को बताया सही
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने जितेश को बाहर करने का जो कारण बताया, जितेश ने उसे स्वीकार किया। दरअसल, टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन को मुख्य विकेटकीपर और ओपनर के तौर पर उतारने का फैसला किया है। ऐसी स्थिति में टीम को एक ऐसे बैकअप विकेटकीपर की जरूरत थी जो जरूरत पड़ने पर टॉप-ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सके।
ईशान किशन को इस वजह से मिला मौका
ईशान किशन एक ओपनर हैं और उन्होंने हाल ही में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, इसलिए चयनकर्ताओं ने उनके नाम पर मुहर लगाई। आंकड़ों पर नजर डालें तो जितेश ने फिनिशर के तौर पर 158.97 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उनकी बल्लेबाजी में कोई बड़ी खराबी नहीं थी, लेकिन टीम के संतुलन ने उनकी जगह छीन ली।
शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाए जाने और संजू सैमसन को ओपनिंग पर प्रमोट किए जाने से टीम का पूरा ढांचा बदल गया। जितेश ने कहा कि बाद में मेरी कोच और चयनकर्ताओं से बात हुई। उन्होंने जो कारण दिया, वो मुझे तार्किक लगा। मैंने उनकी बात को पूरी तरह समझा और मैं उससे सहमत हूं। इस कठिन समय से उबरने के लिए जितेश ने अपने परिवार के साथ वक्त बिताया। साथ ही, RCB में उनके बैटिंग कोच दिनेश कार्तिक ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहने में मदद की।












Click it and Unblock the Notifications