'माइक हेसन का लाडला', शादाब खान के बयान पर भड़के पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज, LIVE TV पर लगाई जमकर क्लास
T20 World Cup, Shadab Khan: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के हाथों मिली 61 रनों की करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में उठापटक का दौर शुरू हो गया है। टीम के सीनियर ऑलराउंडर शादाब खान द्वारा पूर्व क्रिकेटरों की आलोचना के जवाब में दिया गया एक बयान अब उनके लिए गले की फांस बन गया है। इस बयान ने फैंस के साथ-साथ दिग्गजों को भी नाराज किया है। इस बयान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच एक नई बहस छेड़ दी है।
भारत की हार के बाद उठे थे सवाल (T20 World Cup, Shadab Khan)
कोलंबो में भारत से हारने के बाद बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान जैसे सीनियर खिलाड़ियों की फॉर्म पर सवाल उठे थे। इसके जवाब में शादाब खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वर्तमान टीम ने वह कर दिखाया है जो पिछली पीढ़ियों के 'दिग्गज' नहीं कर सके। दरअसल, पाकिस्तान ने साल 2021 में पहली बार वर्ल्ड कप में भारत को हराया था।

बासित अली ने जताई कड़ी आपत्ति
शादाब का तर्क था कि आलोचना करने वाले पूर्व खिलाड़ियों के पास भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप जीत का अनुभव नहीं है, इसलिए उनकी साख पर सवाल उठाना गलत है। शादाब के इस बयान पर पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज बासित अली ने कड़ी आपत्ति जताई है। एक निजी चैनल पर चर्चा के दौरान बासित ने शादाब खान को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें मुख्य कोच माइक हेसन का 'लाडला' करार दिया।
शादाब ने दिग्गजों का किया अपमान
बासित ने सवाल उठाया कि शादाब को कमजोर टीमों के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम में ऊपर क्यों भेजा जाता है। जबकि बड़े मैचों में वह अपनी भूमिका निभाने में विफल रहते हैं। बासित अली ने यह भी कहा कि शादाब का यह बयान उनके ससुर और स्पिन दिग्गज सकलैन मुश्ताक जैसे दिग्गजों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि एक जीत के आधार पर दशकों की विरासत और महान खिलाड़ियों के योगदान को कमतर आंकना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी जताई नाराजगी
रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शादाब खान के लहजे और सार्वजनिक टिप्पणी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। बोर्ड ने खिलाड़ियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि टूर्नामेंट के बीच में पूर्व खिलाड़ियों या किसी भी प्रकार की कूटनीतिक टिप्पणी से बचा जाए। बोर्ड का मानना है कि इस तरह के बयानों से टीम की एकता और ड्रेसिंग रूम के माहौल पर बुरा असर पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications