Commentary Panel 2026: टी-20 वर्ल्ड कप के लिए कमेंट्री पैनल का ऐलान, भारत में होगी पाक दिग्गजों की एंट्री!
T20 World Cup Commentary Panel: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आधिकारिक आगाज शनिवार यानी 7 फरवरी से होने जा रहा है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। एक महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 55 मैच खेले जाएंगे, जिसका खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
कमेंट्री पैनल का हो गया ऐलान (T20 World Cup Commentary Panel)
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए घोषित आईसीसी का कमेंट्री पैनल एक दिलचस्प तस्वीर पेश कर रहा है। एक तरफ जहां पाकिस्तान की क्रिकेट टीम सुरक्षा कारणों और द्विपक्षीय तनाव के चलते भारत आने से कतरा रही है। वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के चार दिग्गज कमेंटेटर्स वसीम अकरम, वकार यूनिस, रमीज राजा और बाजिद खान पूरे टूर्नामेंट के लिए भारत आ रहे हैं।

ये भारतीय दिग्गज लगाएंगे तड़का
स्पिनर युजवेंद्र चहल इस बार कमेंट्री में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। उनके साथ 2007 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे इरफान पठान, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग और रॉबिन उथप्पा जैसे खिलाड़ी हिंदी और अंग्रेजी में विशेषज्ञ राय देंगे। टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच अनिल कुंबले, बल्लेबाजी कोच संजय बांगर और अभिषेक नायर भी पैनल का हिस्सा हैं, जो बारीकी से खेल का विश्लेषण करेंगे।
कमेंट्री पेनल में कई दिग्गजों का नाम
अंग्रेजी कमेंट्री में रवि शास्त्री, नासिर हुसैन, इयान बिशप और कुमार संगकारा जैसे बड़े नामों के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा और श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज भी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। भारतीय दर्शकों की सुविधा के लिए इस बार प्रसारण को बेहद समावेशी बनाया गया है। मुख्य भाषाओं के अलावा भोजपुरी, हरियाणवी, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, बंगाली और मराठी में भी कमेंट्री उपलब्ध होगी। भोजपुरी में सौरभ कुमार और हरियाणवी में मनविंदर बिस्ला जैसे नाम दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
भारत में क्रिकेट फैंस सभी मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports) पर देख सकते हैं। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।












Click it and Unblock the Notifications