T20 World Cup में ऑस्ट्रेलिया की हार से हड़कंप! जिम्बाब्वे ने बिगाड़ा खेल, अब सुपर-8 में कैसे होगी एंट्री?
T20 World Cup AUS vs ZIM: टी20 विश्व कप 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर टूर्नामेंट के समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है। इस हार ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुपर-8 में पहुंचने की राह को भी बेहद कठिन बना दिया है। ऑस्ट्रेलिया की इस हार से फैंस भी हैरान हैं।
ऑस्ट्रेलिया को मिली हार (T20 World Cup AUS vs ZIM)
धीमी और कम उछाल वाली पिच पर जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169/3 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ब्रायन बेनेट (64 रन) और अंत में सिकंदर रज़ा की तेजतर्रार पारी ने मैच की दिशा तय कर दी। जवाब में, 170 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पावरप्ले में ही 29 रनों पर 4 विकेट खोने के बाद टीम कभी उबर नहीं सकी।

मैट रेनशॉ ने खेली 65 रनों की पारी
मैट रेनशॉ ने 65 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से समर्थन न मिलने के कारण ऑस्ट्रेलिया 146 रनों पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की सधी हुई गेंदबाजी और स्पिन के अनुकूल परिस्थितियों ने ऑस्ट्रेलिया की 'पेस-बैटिंग' ताकत को बेअसर कर दिया। ग्रुप-बी की अंक तालिका में इस समय श्रीलंका और जिम्बाब्वे 4-4 अंकों के साथ पहले और दूसरे स्थान पर हैं।
अब कैसे मिलेगी सुपर-8 में एंट्री
ऑस्ट्रेलिया 2 अंकों और +1.100 के नेट रन रेट (NRR) के साथ तीसरे स्थान पर है। सुपर-8 में प्रवेश के लिए ऑस्ट्रेलिया के पास अब सीमित विकल्प बचे हैं। ऑस्ट्रेलिया को अपने आगामी दोनों मैच श्रीलंका और ओमान के खिलाफ हर हाल में जीतने होंगे। यदि वे ऐसा करते हैं, तो उनके पास कुल 6 अंक होंगे। सिर्फ जीत काफी नहीं होगी। ओमान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि उनका नेट रन रेट जिम्बाब्वे या श्रीलंका से बेहतर हो सके।
यदि ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका को हरा देता है और श्रीलंका जिम्बाब्वे को मात दे देता है, तो ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और जिम्बाब्वे तीनों के 6-6 अंक हो सकते हैं (यदि जिम्बाब्वे आयरलैंड को हरा देता है)। ऐसी स्थिति में बेहतर रन रेट वाली दो टीमें आगे बढ़ेंगी। यदि ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका को हराता है और जिम्बाब्वे भी श्रीलंका को हरा देता है, तो रास्ता साफ हो जाएगा। जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया 6-6 अंकों के साथ क्वालीफाई करेंगे और मेजबान श्रीलंका बाहर हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications