T20 World Cup में आज होंगे दो बड़े मुकाबले, भारत-साउथ अफ्रीका के अलावा SL vs ENG के बीच होगी टक्कर
T20 World Cup 2026 Super 8 schedule: टी20 विश्व कप 2026 का पहला सुपर-8 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 21 फरवरी को बारिश के कारण मैच नहीं हो सका और दोनों ही टीमों को एक-एक अंक से संतुष्ट होना पड़ा। रविवार यानी 22 फरवरी को अब सुपर-8 में दो बड़े मुकाबले खेले जाने हैं। इस मैच पर फैंस की नजरें बनी हुई है।
रविवार को होंगे दो बड़े मुकाबले (T20 World Cup 2026 Super 8 schedule)
ग्रुप स्टेज समाप्त होने के बाद अब फैंस की नजरें 'सुपर-8' के मुकाबलों पर टिकी हैं। टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी कर रहे भारत और श्रीलंका के लिए आज, 22 फरवरी का दिन बेहद अहम है। आज के दो बड़े मुकाबलों में जहां डिफेंडिंग चैंपियन भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, वहीं सह-मेजबान श्रीलंका की भिड़ंत इंग्लैंड से होगी।

भारत-साउथ अफ्रीका मैच पर रहेगी फैंस की नजर
आज का सबसे बड़ा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही टीमों ने अब तक इस टूर्नामेंट में हार का स्वाद नहीं चखा है। ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीतकर यहां पहुंची इन दोनों टीमों में से किसी एक का 'विजय रथ' आज जरूर थमेगा।
किसका पलड़ा रहा है भारी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से भारत ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 13 मैच जीतने में सफल रहा है। हालांकि, 2024 विश्व कप की फाइनलिस्ट रही दक्षिण अफ्रीकी टीम उलटफेर करने में माहिर है, जिससे मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
श्रीलंका और इंग्लैंड भी दिखाएंगे दमखम
दिन का दूसरा अहम मुकाबला पल्लेकेले स्टेडियम में श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। श्रीलंकाई टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 में से 3 मैच जीते हैं। दूसरी ओर, इंग्लैंड का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है, लेकिन नॉकआउट दबाव में इंग्लिश टीम हमेशा खतरनाक साबित होती है। मेजबान श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी चिंता इंग्लैंड के खिलाफ उनका पिछला रिकॉर्ड है। दोनों के बीच हुए 17 टी20 मुकाबलों में श्रीलंका केवल 4 जीत हासिल कर सका है, जबकि 13 बार उसे हार का सामना करना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications