T20 World Cup 2026 Schedule: चौथे दिन 3 मैचों का धमाका, पाकिस्तान के सामने बड़ी चुनौती!
T20 World Cup 2026 Schedule: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के चौथे दिन यानी मंगलवार को भी मैदान पर 'ट्रिपल हेडर' (तीन मैच) का तड़का लगेगा। जहां एक ओर नीदरलैंड्स अपनी पिछली हार को भुलाकर वापसी करना चाहेगा, वहीं सबकी निगाहें कोलंबो में होने वाले पाकिस्तान बनाम अमेरिका मुकाबले पर टिकी होंगी।
पहला मुकाबला: नीदरलैंड्स बनाम नामीबिया (T20 World Cup 2026 Schedule)
दिन का आगाज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। नीदरलैंड्स की टीम यहां नामीबिया से भिड़ेगी। बता दें कि नीदरलैंड्स ने अपने पिछले मैच में पाकिस्तान के पसीने छुड़ा दिए थे और एक समय वह जीत की दहलीज पर खड़ी थी, लेकिन अंतिम क्षणों में अनुभव की कमी के कारण उसे हार का सामना करना पड़ा। अब नामीबिया के खिलाफ डच टीम अपनी गलतियों को सुधारकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।

दूसरा मुकाबला: न्यूजीलैंड बनाम यूएई
दोपहर का मुकाबला चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। यहां न्यूजीलैंड का सामना संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से होगा। न्यूजीलैंड के लिए यह अपनी लय हासिल करने का मौका है, वहीं यूएई जैसी उभरती हुई टीम के लिए कीवी दिग्गजों के सामने खुद को साबित करने की बड़ी चुनौती होगी। चेन्नई की टर्निंग पिच पर स्पिनर्स की भूमिका अहम हो सकती है।
तीसरा मुकाबला: पाकिस्तान बनाम अमेरिका
दिन का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए साख की लड़ाई है। याद दिला दें कि 2024 के वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा उलटफेर किया था।अमेरिका की टीम इस बार भी ऊंचे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। अपने पहले मैच में उन्होंने टीम इंडिया को भी कड़ी टक्कर दी थी और एक समय भारतीय बल्लेबाजी को संकट में डाल दिया था, लेकिन सूर्यकुमार यादव की सूझबूझ से भारत वह मैच जीत सका।












Click it and Unblock the Notifications