T20 World Cup 2026: अगले मैच से होगी मियां भाई की छुट्टी! कौन लेगा जगह? बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन
India Probable Playing 11 vs Namibia: T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए में टीम इंडिया अपना दबदबा बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। अमेरिका को धूल चटाने के बाद, अब 'सूर्यकुमार की सेना' दिल्ली के ऐतिहासिक मैदान पर नामीबिया का सामना करेगी। एक तरफ नामीबिया के हौसले बुलंद हैं, तो दूसरी तरफ भारतीय टीम में 'यॉर्कर किंग' जसप्रीत बुमराह की वापसी ने विपक्षी खेमे में खौफ पैदा कर दिया है।
क्या दिल्ली की पिच पर अभिषेक शर्मा का बल्ला गरजेगा या फिर वाशिंगटन सुंदर अपनी फिरकी से नामीबियाई बल्लेबाजों को नचाएंगे? चलिए देखते हैं क्या हो सकती है भारत की रणनीति। और क्या है संभावित प्लेइंग-11?

जसप्रीत बुमराह वापसी के लिए तैयार
भारतीय खेमे के लिए अच्छी खबर यह है कि टीम के मुख्य हथियार जसप्रीत बुमराह बुखार से उबर चुके हैं। लेकिन उनकी वापसी ने कप्तान सूर्या के सामने एक मुश्किल पैदा कर दी है। ऐसे में देखने वाली बात ये होगी कि बुमराह के आने के बाद अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज में से किसकी प्लेइंग 11 में छुट्टी होगी।
बुमराह के आने से धार बढ़ेगी, लेकिन सिराज और अर्शदीप दोनों ने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी की थी। अब देखना होगा कि 'मिया भाई' (सिराज) को मौका मिलता है या अर्शदीप के बाएं हाथ का स्विंग भारी पड़ता है।
ऑलराउंडर की जंग में कौन मारेगा बाजी?
वाशिंगटन सुंदर फिट होकर लौट आए हैं। क्या टीम रिंकू सिंह की जगह सुंदर को फिनिशर और स्पिनर के तौर पर खिलाएगी? ये सस्पेंस भी प्लेइंग-11 आने के बाद खत्म होगा। दूसरी ओर तबीयत खराब होने के बावजूद अभिषेक शर्मा मैदान पर उतरने के लिए बेताब हैं। ईशान किशन के साथ उनकी जोड़ी पावरप्ले में तबाही मचाने को तैयार है।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह/ वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज/अर्शदीप सिंह।
कब-कहां होगा भारत का दूसरा मैच?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए का 18वां मुकाबला भारत और नामीबिया के बीच खेला जाएगा। ये मैच 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:00 बजे खेला जाएगा।
पहले मैच में क्या हुआ?
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में अमेरिका (USA) को 29 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव की 49 गेंदों पर 84 रनों की कप्तानी पारी की बदौलत 20 ओवरों में 161/9 का स्कोर बनाया, जबकि टीम के अन्य प्रमुख बल्लेबाज जैसे अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे शून्य पर आउट हो गए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 132/8 रन ही बना सकी। भारत की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने घातक प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं।
टीम इंडिया फुल स्क्वाड: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जसप्रित बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर।












Click it and Unblock the Notifications