'मैले पानी में मछली पकड़ रहा पाकिस्तान', बांग्लादेश विवाद पर भड़के हरभजन सिंह, PCB को लगाई लताड़!
T20 World Cup 2026, Harbhajan Singh: अगले महीने होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश बाहर हो गया है। बांग्लादेश के बाहर जाने और स्कॉटलैंड के शामिल होने के फैसले ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। इस पूरे विवाद पर भारत के पूर्व दिग्गज ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की रणनीति पर सवाल उठाते हुए इस मामले में पाकिस्तान की बयानबाजी को भी पूरी तरह अनावश्यक करार दिया है।
पाकिस्तान पर हरभजन का कड़ा प्रहार (T20 World Cup 2026, Harbhajan Singh)
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कहा था कि टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी सरकारी सलाह पर निर्भर करेगी। इसे कई जानकार बांग्लादेश के प्रति पाकिस्तान की एकजुटता और भारत के खिलाफ एक दबाव की राजनीति के रूप में देख रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हरभजन सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) से कहा कि पाकिस्तान यहां मैले पानी में मछली पकड़ने की कोशिश कर रहा है। वे इसे '2 बनाम 1' (पाकिस्तान और बांग्लादेश बनाम भारत) की लड़ाई बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

'पुल-आउट' की धमकी को बताया बेतुका
हरभजन ने आगे कहा कि पाकिस्तान पहले से ही श्रीलंका में मैच खेल रहा है। ऐसे में इस मुद्दे में उनका हस्तक्षेप समझ से परे है। उन्होंने पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी द्वारा दिए गए 'पुल-आउट' की धमकी को पूरी तरह बेतुका बताया। हरभजन ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की कार्यप्रणाली की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि आईसीसी के साथ बातचीत के रास्ते खुले रखने चाहिए थे।
बाहर होने से बांग्लादेश को भारी नुकसान
सीधे तौर पर भारत आने से इनकार करने के बजाय चर्चा के जरिए समाधान निकाला जा सकता था। हरभजन के अनुसार यह फैसला खेल भावना के बजाय अहंकार से प्रेरित नजर आता है, जिसका नुकसान क्रिकेट और खिलाड़ियों को ही उठाना पड़ रहा है। क्रिकेट के तकनीकी पहलुओं पर बात करते हुए हरभजन ने स्पष्ट किया कि भारतीय पिचें बांग्लादेशी टीम, खासकर उनके स्पिनरों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती थीं।
उन्होंने कहा कि अगर यह वर्ल्ड कप इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया में होता तो बांग्लादेश के पास कोई मौका नहीं था। लेकिन भारत की पिचों पर वे उलटफेर कर सकते थे और सुपर-8 तक पहुंच सकते थे। वर्ल्ड कप में खेलने का मौका गंवाना किसी भी खिलाड़ी के करियर के लिए बहुत बड़ी क्षति है।












Click it and Unblock the Notifications