Pakistan vs Zimbabwe: पाकिस्तान को आखिरी ओवर में चाहिए थे 11 रन, जिम्बाब्वे ने 1 रन से जीता मैच
टी20 विश्व कप 2022 में आज एक और बड़ा उलटफेर हो गया है। दरअसल, ग्रुप बी के आज तीसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को 1 रन से मात दे दी है। बेहद रोमांचक स्तर तक जा चुके इस मैच में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने आखिरी ओवर में 11 रन डिफेंड कर लिए और इस विश्व कप का पांचवा बड़ा अपसेट कर दिया। बता दें कि इस हार के बाद पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो गई है, क्योंकि यह पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार है। अपने पहले ही मैच में पाकिस्तान को भारत के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

बाबर और रिजवान सस्ते में हुए आउट
131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत ही आज अच्छी नहीं रही थी। कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान सस्ते में ही पवेलियन लौट गए थे। बाबर ने सिर्फ 4 और रिजवान ने 14 रन बनाए। हालांकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शान मसूद ने आज थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन मैच जिताने के वक्त वो भी अपना विकेट फेंक कर चले गए। इस पारी में 4 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।
सिकंदर रजा ने लिए सबसे अधिक विकेट
इस मैच में पाकिस्तान की हार की वजह उनकी खराब बल्लेबाजी के साथ-साथ जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी भी रही। जिम्बाब्वे की ओर से ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 25 रन देकर 3 विकेट निकाले। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। रजा ने शान मसूद, शादाब खान और हैदर अली का विकेट लिया। ब्रैड इवांस को 2 विकेट मिले, जबकि ब्लेसिंग मुजुर्बानी और जोंगवे को 1-1 विकेट मिला।
कुछ ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
पाकिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। ब्रैड इवांस मैच का आखिरी ओवर लेकर आए। ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद नवाज ने एक्स्ट्रा कवर की तरफ शॉट खेला और तीन रन भागे।
- अब अगली पांच गेंदों पर पाकिस्तान को 8 रन चाहिए थे। ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद वसीम ने चौका मार दिया। अब पाकिस्तान को जीत के लिए 4 गेंदों में 4 रन की जरूरत थी।
- ओवर की तीसरी गेंद पर वसीम ने सिंगल लिया। अब 3 गेंद पर 3 रन चाहिए थे।
- ओवर की चौथी गेंद मोहम्मद नवाज से मिस हुई। अब पाकिस्तान को 2 गेंदों में 3 रन की जरूरत थी।
- ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्मद नवाज आउट हो गए। अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन चाहिए थे।
- ओवर की आखिरी गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी ने सामने की तरफ शॉट खेला। 1 रन पूरा कर लिया और दूसरा लेने की कोशिश में वो रन आउट हो गए और जिम्बाब्वे ने एक रन से मैच जीत लिया।
पॉइंट टेबल में भी हुआ बड़ा उलटफेर
पाकिस्तान की इस हार के बाद ग्रुप बी की पॉइंट टेबल में भी बड़ा बदलाव आया है। भारत 4 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर ही है। वहीं दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका है, जिसके 3 पॉइंट हैं। 3 ही पॉइंट के साथ जिम्बाब्वे तीसरे स्थान पर आ गई है। वहीं पाकिस्तान इस हार के बाद पांचवे स्थान पर चला गया है। पाकिस्तान के अभी एक भी अंक नहीं हैं। नीदरलैंड्स पॉइंट टेबल में आखिरी पायदान पर है।












Click it and Unblock the Notifications