T20 World Cup 2022: नामीबिया से हारने के बाद श्रीलंका कैसे पहुंचेगी सुपर 12 में? यह हैं समीकरण
T20 World Cup 2022 का आगाज कल से हो गया है। पहले ही मैच में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल गया। दरअसल, टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में नामीबिया ने श्रीलंका को 55 रनों से हरा दिया। विश्व कप के आगाज से पहले किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि पिछले ही महीने एशिया कप जीतने वाली टीम विश्व कप के पहले ही मैच में बुरी तरह हार का सामना करेगी। आपको बता दें कि श्रीलंका सुपर 12 राउंड में जगह बनाने के लिए फर्स्ट राउंड के मुकाबले खेल रही है, जिसका पहला ही मैच वो हार गई।

श्रीलंका पर मंडराया बाहर होने का खतरा
इस हार के साथ ही श्रीलंका की आगे की राह काफी मुश्किल हो गई है। श्रीलंका पर अभी से टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। जी हां, फर्स्ट राउंड में श्रीलंका का अगला मैच 20 अक्टूबर को नीदरलैंड्स से है जो अपने पहले ही मैच में यूएई को हरा चुकी है। ऐसे में अगर नीदरलैंड्स ने यहां कोई बड़ा खेल कर दिया तो श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा। वहीं नीदरलैंड्स सुपर 12 में अपनी जगह पक्की कर लेगी और ऐसे में श्रीलंका को नेट रन रेट्स के आधार पर अन्य टीमों की हार जीत पर निर्भर रहना होगा।

श्रीलंका के लिए आगे के समीकरण
श्रीलंका को अगर टी20 विश्व कप के सुपर 12 राउंड में पहुंचना है तो उसे अपने अगले दोनों मैच किसी भी हाल में जीतने होंगे। श्रीलंका को अगले दो मैचों में नीदरलैंड्स और यूएई के खिलाफ खेलना है। फिलहाल श्रीलंका का नेट रन-रेट भी निगेटिव (-2.750) में है। ऐसे में श्रीलंका को सुपर 12 में क्वालीफाई करने के लिए अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे।

पाकिस्तान को हराकर एशिया की चैंपियन बनी थी श्रीलंका
आपको बता दें कि श्रीलंका की टीम पिछले महीने ही यूएई में आयोजित हुए एशिया कप को जीतकर टी20 विश्व कप में आई है। विश्व कप का आगाज होने से पहले श्रीलंका को मोस्ट फेवरेट टीमों में गिना जा रहा था, लेकिन नामीबिया से मिली हार ने इस टीम की आगे की दावेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एशिया कप 2022 में श्रीलंका की टीम सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ ही एक मैच हारी थी। सुपर-4 में श्रीलंका ने भारत को भी मात दी थी और फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।












Click it and Unblock the Notifications