T20 WC 2022 IND vs PAK: मुश्किल में भारतीय टीम, पहले 6 ओवर में टॉप ऑर्डर के 4 बल्लेबाज लौटे पवेलियन
T20 World Cup 2022 IND vs PAK टी20 विश्व कप के हाईवोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही है। पाकिस्तान के पेस बॉलिंग अटैक के आगे भारत का टॉप ऑर्डर बुरी तरह से फेल हो गया है। 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारतीय टीम को भी शुरुआती झटके लग गए हैं। पहले 6 ओवर में भारत ने 31 रन के अंदर ही 3 विकेट खो दिए हैं और खबर लिखे जाने तक अक्षर पटेल के रूप में भारत को चौथा झटका भी लग गया है। इससे पहले रोहित शर्मा, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट चुके हैं।

रोहित-राहुल और सूर्या सस्ते में आउट
भारत को केएल राहुल के रूप में पहला झटका लगा। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह ने राहुल को 4 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजने का काम किया। वहीं कप्तान रोहित शर्मा भी फ्लॉप रहे और वो भी 4 रन बनाकर आउट हो गए। रोहित का विकेट हैरिस रउफ ने लिया। ओपनिंग जोड़ी के जाने के बाद सूर्यकुमार यादव से सभी को उम्मीदें थी। एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले सूर्या ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन वो अपनी पारी को आगे बढ़ाने में नाकाम साबित हुए।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी
आपको बता दें कि पाकिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे। पाकिस्तान की ओर से इफ्तिकार अहमद ने 51 रन की पारी खेली, जबकि शान मसूद ने भी 52 रन का योगदान दिया। इन दो पारियों की बदौलत ही पाकिस्तान की टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। इसके अलावा पाकिस्तान के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
भारतीय गेंदबाजी रही शानदार
वहीं भारत की ओर से आज गेंदबाजी शानदार हुई। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने आज जबरदस्त गेंदबाजी की। दोनों ही गेंदबाजों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप सिंह अपना पहला विश्व कप मैच खेल रहे हैं। उन्होंने अपने दूसरे ही ओवर में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को आउट किया। बाबर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। अर्शदीप ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। शमी और भुवी को 1-1 विकेट मिला।












Click it and Unblock the Notifications