6 Big Upset of T20 World Cup 2022: छोटी टीमों ने इस विश्वकप में बड़ी टीमों को दिए बड़े झटके
6 big upset T20 world Cup 2022: इस बार का विश्वकप कई बड़े उलटफेर के लिए जाना जाएगा। कई छोटी टीमों ने बड़ी टीमों को हराकर बड़े अपसेट किए हैं। स्कॉटलैंड, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, नीदरलैंड जैसी छोटी टीमों ने बड़ी टीमों को अहम मुकाबलों ने ना सिर्फ हराया बल्कि टीमों को विश्वकप से बाहर का भी रास्ता दिखाया है। सबसे बड़े उलटफेर की शुरुआत स्कॉटलैंड ने की थी, जब उसने वेस्टइंडीज को हराकर उसे विश्वकप के लिए क्वालिफाई तक नहीं करने दिया। आईए डालते हैं एक नजर उन मैचों पर जो विश्वकप में बड़े अपसेट के तौर पर याद किए जाएंगे।

नामीबिया बनाम श्रीलंका
नामीबिया और श्रीलंका के बीच सुपर 12 में पहुंचने के लिए हुए मुकाबले में बड़ा उलटफेर करते हुए नामीबिया की टीम ने श्रीलंका को 55 रन से हरा दिया था। नामीबिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन का स्कोर खड़ा कर दिया था। जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम सिर्फ 108 रन ही बना सकी थी। पूरी टीम महज 108 रन के स्कोर पर 19वें ओवर में आउट हो गई थी। मैच में डेविड, बर्नार्ड, बेन शिकोंगो, जेन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए थे। जबकि जेजे स्मित को 1 विकेट मिला था।

स्कॉटलैंड बनाम वेस्टइंडीज
किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि दो बार टी-20 विश्वकप जीतने वाली वेस्टइंडीज इस बार विश्वकप के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर पाएगी। स्कॉटलैंड की टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए वेस्टइंडीज की टीम को 42 रनों से हरा दिया था। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज की टीम सुपर 12 में अपनी जगह बनाने में फेल हो गई थी। मैच में स्कॉटलैंट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 160 रन बनाए थे, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम 18.3 ओवर में 118 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी।

आयरलैंड बनाम वेस्टइंडीज
इस विश्वकप में बड़े अपसेट की शुरुआत क्वालिफाईंग स्टेज पर ही शुरू हो गई थी, एक के बाद एक बड़े उलटफेर हो रहे थे। वेस्ट इंडीज की टीम को दो अहम मैचों में पहले जहां स्कॉटलैंट ने हराया बाद में आयरलैंड ने भी उसे 9 विकेट से हरा दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने 146 रन बनाए लेकिन आयरलैंड की टीम ने 17.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट गंवाकर ही मैच को जीत लिया। पॉल स्टरलिंग की 66 रनों की पारी, लोर्कन की 45 रनों की पारी की बदौलत आयरलैंड ने मैच 9 विकेट से जीता था।

आयरलैंड बनाम इंग्लैंड
इस विश्वकप में सबसे बड़े उलटफेर में से एक यह मुकाबला था। इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को आयरलैंड ने मैच में 5 रन से हरा दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम ने मैच में 157 रन बनाए थे। लेकिन बारिश की वजह से मैच बाधित हुआ और इसका फायदा आयरलैंड की टीम को मिला। इंग्लैंड ने मैच में 14.3 ओवर में 105/5 रन बनाए थे। डकवर्थ लुईस नियम से मैच का नतीजा घोषित किया गया और आयरलैंड ने इस मैच को 5 रन से जीत लिया।

जिम्बाब्वे बनाम पाकिस्तान
विश्वकप के अपने पहले ही मैच में जिस तरह से पाकिस्तान को पहले भारत के हाथों हार मिली और उसके बाद जिम्बाब्वे ने उसे हरा दिया। लगातार दो मैचों में हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद तकरीबन खत्म हो गई थी। लेकिन नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए ना सिर्फ दक्षिण अफ्रीका को विश्वकप से बाहर किया बल्कि पाकिस्तान की उम्मीदों को पंख लगा दिया। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 130 रन बनाए लेकिन रोमांचक मैच में पाकिस्तान 129 रन ही बना सका और मैच को एक रन से हार गया।

दक्षिण अफ्रीका बनाम नीदरलैंड
इस विश्वकप में अबतक के सबसे बड़े उलटफेर के तौर पर इस मैच को याद किया जाएगा। एक समय जब दक्षिण अफ्रीका प्वाइंट टेबल पर पहले नंबर पर थी तो माना जा रहा था कि वह आराम से सेमीफाइनल में जाएगी। लेकिन एक के बाद एक लगातार दो मैच पहले पाकिस्तान के खिलाफ और फिर नीदरलैंड के खिलाफ मैच हारकर दक्षिण अफ्रीका विश्वकप से बाहर हो गई। नीदरलैंड ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाए लेकिन दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 145 रन ही बना सकी।












Click it and Unblock the Notifications