सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा को बताया बड़ा भाई, विराट के लिए कहा- मैं शायद ही उनके जैसा बन पाऊं
सूर्यकुमार यादव ने एक इंटरव्यू में कहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना सौभाग्य की बात है। सूर्यकुमार ने कहा है कि यह दोनों ही खिलाड़ी मेरे आइडल हैं।
दुनिया के सबसे बेहतरीन व्हाइट बॉल क्रिकेटरों में से एक सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 के अंदर अपनी अलग पहचान बनाई है। टी20 फॉर्मेट में तो सूर्यकुमार यादव ने एक अलग ही मुकाम हासिल किया है। सूर्या इस वक्त टी20 फॉर्मेट में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज हैं। साथ ही एबी डिवीलियर्स के बाद उन्हें मिस्टर 360 के नाम पहचाना जाने लगा है और यह सब उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली की शरण में रहकर किया है। खुद सूर्यकुमार यादव का यह कहना है कि वो आज जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए रोहित और विराट का उसमें बहुत बड़ा योगदान है।

दोनों ने मेरा मार्गदर्शन किया है- सूर्यकुमार
पीटीआई से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा है कि विराट और रोहित ने उनके करियर को इस मुकाम तक पहुंचाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। सूर्या ने कहा है कि इन दोनों खिलाड़ियों ने करियर के कई अहम मोड़ पर उनका मार्गदर्शन किया है। सूर्या ने स्वीकार किया कि वह भारतीय क्रिकेट के दो आइकन के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने के उन पलों को खुद के लिए भाग्यशाली मानते हैं।

विराट और रोहित को लेकर सूर्या ने क्या कहा?
सूर्यकुमार यादव ने अपने इंटरव्यू में कहा है, "मैं वास्तव में बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करता हूं। वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की एक अलग नस्ल के खिलाड़ी हैं। उन्होंने जो कुछ हासिल किया है, मुझे नहीं पता कि मैं कभी भी इसे हासिल कर पाऊंगा।" सूर्या ने आगे कहा, "मैंने विराट भाई के साथ कुछ अच्छी साझेदारियां की हैं और मैंने उनके साथ बल्लेबाजी का लुत्फ उठाया है। वहीं रोहित एक बड़े भाई और मेरे साउंडिंग बोर्ड की तरह हैं। जब भी मुझे कुछ संदेह होता है तो मैं उनसे ही पूछता हूं?

साल 2022 रहा है सूर्यकुमार यादव के नाम
आपको बता दें कि सूर्यकुमार इस साल T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। 31 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 46.56 के औसत से 1164 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं और 117 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। टी20 की तरह सूर्यकुमार इस सफलता को वनडे में दोहराने में कामयाब नहीं रहे हैं। उन्होंने इस साल 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 26.00 की औसत से केवल 260 रन बनाए हैं और सिर्फ एक अर्धशतक ही बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications