Surya Kumar Yadav: ऐसे ही नहीं चमक रहे हैं सूर्यकुमार यादव, ये आंकड़े दिखाते हैं उनका क्लास
Surya Kumar Yadav: इस विश्वकप में सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी की बात करें तो वह क्रीज पर आते ही अपने शॉट खेलने लगते हैं और यही उनकी खासियत है। जिस तरह की फॉर्म में सूर्य कुमार यादव हैं वह किसी भी बल्लेबाज के लिए एक सपने जैसा है। इस विश्वकप की बात करें तो सूर्य कुमार यादव जब भी बल्लेबाजी करने आए तो उन्होंने अपने पार्टनर से ज्यादा रन बनाए हैं। बल्लेबाजी पार्टनर से ज्यादा रन बनाने के मामले में सूर्य कुमार यादव इस विश्वकप में सबसे आगे हैं। इनिंग में सूर्य कुमार यादव पार्टनरशिप में 93.3 फीसदी रन बनाते हैं, जबकि दूसरे पायदान पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज इली रूसो आते हैं, वह पार्टनरशिप में 86.7 फीसदी रन बनाते हैं।

बेहतरीन स्ट्राइक रेट
मौजूदा विश्वकप की बात करें तो सूर्य कुमार यादव ने जबरदस्त फॉर्म दिखाई है। इस विश्वकप में अभी तक खेले गए तीन मैचों में सूर्य कुमार यादव ने 134 रन बनाए हैं, इसमे उनका स्ट्राइक रेट 178.66 रहा है। जबकि उनके औसत की बात करें तो यह 67 का है, जोकि किसी भी बल्लेबाजी की तुलना में इस विश्वकप में कहीं ज्यादा है। यही वजह है कि भारतीय टीम सूर्य कुमार यादव की बल्लेबाजी में काफी निखरती नजर आ रही है। जिस रफ्तार से सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी कर रहे हैं उसका अंदाजा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी पारी से लगाया जा सकता है।

पिछले 2 मैचों में जबरदस्त फॉर्म दिखाया
नीदरलैंड के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंद पर 51 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया था। इस पारी में सूर्यकुमार यादव की स्ट्राइक रेट 204 की रही थी। वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच की बात करें तो इस मैच में जब भारतीय टीम के 4 विकेट सिर्फ 42 रन के स्कोर पर गिर गए तो अकेले सूर्यकुमार यादव ने टीम को संभाला और 40 गेंदों पर 68 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। इस इनिंग में सूर्यकुमार की स्ट्राइक रेट 170 का था।

शीर्ष 20 गेंदबाजों के खिलाफ सर्वाधिक रन
सूर्यकुमार यादव की काबिलियत का अंदाजा आपको इस बात से भी लगेगा कि उन्होंने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाए हैं। इस साल टी-20 में टॉप के 20 गेंदबाजों के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो इसमे पहले पायदान पर सूर्यकुमार यादव का नाम आता है। सूर्यकुमार यादव ने शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ 260 रन बनाए हैं, जबकि उनका स्ट्राइक रेट इन गेंदबाजों के खिलाफ 151.2 रहा है। वहीं इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर विराट कोहली का नंबर आता है, उन्होंने कुल 238 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.2 का रहा है।












Click it and Unblock the Notifications