'मैं शाहिद अफरीदी नहीं हूं जो रिटायरमेंट से वापस आ जाउंगा', सुरेश रैना ने किया पाकिस्तानी खिलाड़ी को ट्रोल
Suresh Raina On Shahid Afridi: भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना इन दिनों लीजेंड्स क्रिकेट लीग में धमाल मचा रहे हैं। रैना को मिस्टर आईपीएल के नाम से भी जाना जाता रहा है।

Suresh Raina On Shahid Afridi: भारतीय टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाजों में से एक सुरेश रैना लीजेंड्स क्रिकेट लीग खेल रहे हैं। वह इस लीग के जरिए एक बार फिर फैंस के सामने बल्ले का दम दिखा रहे हैं। आईपीएल और डोमेस्टिक क्रिकेट से भी रिटायरमेंट की घोषणा के बाद मिस्टर आईपीएल लीजेंड क्रिकेट लीग में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। सुरेश रैना अपने करियर के दौरान भारत के लिए कई मैच विनिंग पारियां खेलने का काम कर चुके हैं।
सुरेश रैना ने वापसी को लेकर कही यह बात
सुरेश रैना के संन्यास के बाद भी लगातार उनकी वापसी की अटकलें लगाई जा रही थी। अब इस पर दिग्गज ने खुद चुप्पी तोड़ी है। अपने संन्यास के बाद भी रैना बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में जब उनसे वापसी को लेकर पूछा गया तो उन्होंने मजेदार जवाब दिया। रैना की पारी को देखकर एक पत्रकार ने पूछा कि क्या आप आईपीएल में वापसी करेंगे? इस पर रैना ने कहा कि मैं सुरेश रैना हूं, शाहिद अफरीदी नहीं हूं और मैं रिटायरमेंट ले चुका हूं।
शाहिद अफरीदी को किया ट्रोल
सुरेश रैना की तरह शाहिद अफरीदी भी लीजेंड्स क्रिकेट लीग में खेल रहे हैं। वह एशियन लॉयंस के कप्तान हैं। अफरीदी अपनी रिटायरमेंट की घोषणा के बाद उसे वापस ले लिया था और फिर देश के लिए मैच खेला था। सुरेश रैना ने अफरीदी को ट्रोल करते हुए कहा कि वह शाहिद अफरीदी नहीं हैं जो एक बार संन्यास लेने के बाद दोबारा खेलने के लिए मैदान पर उतर जाये। सुरेश रैना का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
ऐसा रहा है रैना का करियर
सुरेश रैना के करियर की बात करें तो उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज है। वह भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं। सुरेश रैना के नाम 226 वनडे मैचों की 194 पारियों में 5615 रन दर्ज हैं जिसमें 5 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा भारत के लिए रैना ने 78 टी20 इंटरनेशनल में भी 1604 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, उनका टेस्ट करियर छोटा रहा है। उन्होंने 18 टेस्ट मैचों के 31 पारियों में 768 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications