आखिर क्यों भड़क गए सुनील गावस्कर, लंच करते तोड़ डाली खाने की प्लेट
क्रिकेट मैच के दौरान स्पिन गेंदबाज का ओवर स्टेपिंग करना किसी भी टीम को स्वीकार नहीं होता है। उम्मीद की जाती है कि स्पिन गेंदबाज कम से कम ओवर स्टेपिंग की नौ बॉल नहीं करेगा। ऐसा कहा भी जाता है कि स्पिन गेंदबाज के लिए यह गुनाह है क्योंकि स्पिन गेंदबाज का रन अप काफी छोटा होता है।
लेकिन जिस तरह से न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान वॉशिंगटन सुंदर और रविचंद्रन अश्विन अपने रन अप को लेकर जूझते नजर आए और कई नो बॉल डाली, उसकी वजह से फैंस में काफी निराशा देखने को मिली।

मैच के दौरान जिस तरह से वॉशिंगटन सुंदर ने कई बार गेंदबाजी के दौरान ओवर स्टेपिंग की और नो बॉल डाली उससे कमेंट्री बॉक्स में कमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर खुश नजर नहीं आए।
कमेंट्री के दौरान रवि शास्त्री ने कहा कि जिस तरह से बार-बार गेंदबाज नो बॉल कर रहे हैं, वह सुनील गावस्कर को नागवरा गुजरा और उन्होंने लंच के दौरान गुस्से में अपनी प्लेट को तोड़ दिया।
रवि शास्त्री ने बताया गावस्कर का गुस्सा
लाइव कमेंट्री के दौरान रवि शास्त्री ने कहा कि सुनील गावस्कर लंच कर रहे थे, उन्होंने अपने खाने की प्लेट दीवार पर मार दी। हालांकि रवि शास्त्री ने यह बात मजाकिया अंदाज में कही। उन्होंने कहा कि अच्छी बात है कि वह स्लिप पर फील्डिंग नहीं कर रहे हैं वरना वॉशिंगटन सुंदर, वॉशिंगटन डीसी के करीब होते।
9 नो बॉल डाल दी
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाजों ने 9 नो बॉल डाली, जिसमे वॉशिंगटन सुंदर ने 5, रवींद्र जडेजा ने 3 और आकाश दीप ने 1 नो बॉल डाली। कमेंट्री के दौरान इयान स्मिथ ने भी कहा, ओह डियर एक और नो बॉल, कहां हैं सुनील गावस्कर, वो अब माइक लेकर इन लोगों के पीछे दौड़ने वाले हैं।
हालांकि जब सुनील गावस्कर कमेंट्री के लिए आए तो उन्होंने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि मैं अपने दौड़ने वाले जूतों के साथ तैयार हूं। लेकिन उन्होंने कहा कि यह गंभीर बात है, इस मसले को देखना चाहिए।
जडेजा-सुंदर ने झटके 9 विकेट
हालांकि इन नो बॉल के बावजूद वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा ने पहली बार में 9 विकेट अपने नाम किए। सुंदर ने 5 विकेट तो रवींद्र जडेजा ने 4 विकेट लिया जबकि एक विकेट आकाश दीप के नाम आया। न्यूजीलैंड की टीम ने पहली पारी में 235 रन बनाए। जबकि पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने एक बार फिर से निराश किया।
मुश्किल में टीम इंडिया
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 4 विकेट गंवा दिए। अहम बात है कि महज 19 ओवर के खेल में टीम इंडिया की लगभग आधी टीम पवेलियन लौट गई।
यशस्वी जयसवाल 30 तो रोहित शर्मा 18 रन बनाकर आउट हो गए। जबकि शुभमन गिल 31 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। सबसे निराश करने वाली बात यह है कि विराट कोहली सिर्फ 4 रन बनाकर रन आउट हो गए। फिलहाल गिल और पंत क्रीज पर मौजूद है और भारतीय टीम अभी भी 149 रन से पीछे है।












Click it and Unblock the Notifications