‘ऐसा हो ही नहीं सकता’, पूर्व भारतीय कप्तान बोले Joe Root नहीं तोड़ पाएंगे सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट (Joe Root) का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। पिछले 5 टेस्ट मैचों में वह चार शतक लगा चुके हैं।

नई दिल्ली: इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट (Joe Root) का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। पिछले 5 टेस्ट मैचों में वह चार शतक लगा चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी मौजूदा टेस्ट सीरीज में रूट ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले मुकाबले में टारगेट का पीछा करते हुए नाबाद 115 रन बनाए थे और नॉटिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में रूट ने 176 रन बनाए। उनके बल्ले से हो रही रन वर्षा को देखकर कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स यहां तक कह चुके हैं कि जो रूट जल्द ही सचिन तेंदुलकर के टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। हालांकि, पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर इससे इत्तेफाक नहीं रखते।

नहीं टूटेगा तेंदुलकर का रिकॉर्ड
गावस्कर का ऐसा मानना है कि रूट के लिए सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं है। इंडिया टुडे से बात करते हुए पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, "यह एक अटूट रिकॉर्ड है क्योंकि हम लगभग 6000 रन के बारे में बात कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि आपको वहां पहुंचने के लिए अगले 8 वर्षों में लगभग 1000 रन या 800 रन हर साल बनाने होंगे।" गावस्कर ने आगे कहा, ''जो रूट की उम्र 31 साल है। अगर वह उस उत्साह को बनाए रखने में कामयाब हुए तो वह निश्चित रूप से इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।''

मानसिक और शारीरिक थकान से बचना होगा
सुनील गावस्कर ने आगे एलिस्टर कुक का उदाहरण देते हुए कहा कि, "एलिस्टेयर कुक ने संन्यास ले लिया, लेकिन वह अभी भी प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहे हैं। कभी-कभी, यदि आप चौबीसों घंटे खेल रहे हैं, तो आपका फॉर्म भी गिर सकता है क्योंकि मानसिक थकान आती है। रूट 150+ का स्कोर बना रहे हैं, लेकिन यह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर सकता है।"

कुछ भी मुश्किल नहीं है
गावस्कर के मुताबिक, "खेल में कुछ भी संभव है। हमने पहले सोचा था कि रिचर्ड हैडली का 431 नहीं टूटेगा, लेकिन वह आगे निकल गया। फिर हमने कोर्टनी वॉल्श के 519 के बारे में सोचा... तो, मेरा मतलब है कि हम कहां जा रहे हैं यह असंभव नहीं है, लेकिन बहुत कठिन है।"

सचिन ने 200 टेस्ट में बनाए 15921 रन
नवंबर 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए 200 टेस्ट मैच खेले और लगभग 54 की औसत से कुल 15921 रन बनाए। 329 पारियों में मास्टर ब्लास्टर के नाम पर 51 शतक और 68 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट अभी तक खेले 119 टेस्ट मैचों में 50.20 की औसत से कुल 10191 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 27 शतक और 53 अर्धशतक जमाए।












Click it and Unblock the Notifications