'तुम्हें शर्म आनी चाहिए,' श्रीसंत की पत्नी ने ललित मोदी-माइकल क्लार्क को धोया, थप्पड़ वाले वीडियो पर भड़कीं
Sreesanth: जब पति पर आंच आती है, तो पत्नी ढाल बनकर खड़ी हो जाती हैं और भारत में यह प्राचीनकाल से चला आ रहा है। आधुनिक युग में भी कई बार यही देखने को मिला है। हालिया मामला पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीसंथ से जुड़ा है, जिनका एक पुराना वीडियो वायरल कर ललित मोदी और माइकल क्लार्क ने सुर्खियाँ बटोरने का प्रयास किया है।
श्रीसंत और हरभजन सिंह के बीच हुई एक पुराने मामले को इन दोनों ने उठाया है। इस बीच श्रीसंत की पत्नी अपने पति के लिए खड़ी हुई हैं और ललित मोदी की जमकर धुनाई की है। भगोड़े ललित मोदी के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइकल क्लार्क की भी क्लास लगी है।

श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने इन्स्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट कर लिखा कि श्रीसंत और हरभजन दोनों अब आगे बढ़ चुके हैं और अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं। श्रीसंत ने भी अपनी पत्नी की पोस्ट को फिर से शेयर किया, जिससे उनकी बातों से सहमति जाहिर होती है।
ललित मोदी की हुई धुनाई
भुवनेश्वरी ने लिखा कि ललित मोदी और माइकल क्लार्क शर्म करो। तुम लोग इंसान कहलाने के लायक भी नहीं हो, जो सिर्फ अपनी सस्ती पब्लिसिटी और व्यूज़ के लिए 2008 की किसी पुरानी बात को फिर से उछाल रहे हो। श्रीसंत और हरभजन दोनों इस बात को कब का पीछे छोड़ चुके हैं, आज वो पिता हैं, उनके बच्चे स्कूल जाते हैं। फिर भी तुम लोग उन्हें उस पुराने ज़ख्म में वापस घसीटना चाहते हो। यह बेहद घिनौना, निर्दयी और अमानवीय है।
Sreesanth का किया खुलकर समर्थन
भुवनेश्वरी ने लिखा कि श्रीसंत ने हर मुश्किल के बाद अपने जीवन को गरिमा और आत्मसम्मान के साथ दोबारा संजोया है। एक पत्नी और माँ होने के नाते, 18 साल पुरानी इस घटना का दोबारा सामने आना हमारे परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। सालों पहले जो जख्म भर चुके थे, उन्हें सिर्फ अपने व्यूज़ और पब्लिसिटी के लिए फिर से कुरेदना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सिर्फ खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि उनके मासूम बच्चों को भी प्रभावित करता है, जिन्हें अब ऐसी बातों के लिए शर्म और सवालों का सामना करना पड़ रहा है, जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है।
क्लार्क को बुरी तरह लताड़ा
उन्होंने माइकल क्लार्क को इस घटिया हरकत के लिए कहा कि आपके ऊपर मुकदमा किया जाना चाहिए। श्रीसंत मजबूत और चरित्रवान इंसान हैं, कोई भी वीडियो से उनकी गरिमा को नहीं छीना जा सकता है। अपने फायदे के लिए दूसरों के परिवार और बच्चों को तकलीफ पहुंचाने से पहले भगवान् से डरिये।
गौरतलब है कि माइकल क्लार्क के साथ एक पॉडकास्ट में ललित मोदी ने 2008 के उड़ थप्पड़काण्ड का वीडियो वायरल किया, जो 18 साल पहले हरभजन और श्रीसंत के बीच आईपीएल में हुआ था। 18 साल बाद पहली बार वीडियो सामने आया और यह जानबूझकर किया गया।












Click it and Unblock the Notifications