Sourav Ganguly: दादा की वापसी, सौरव गांगुली फिर से बने बंगाल क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष
Sourav Ganguly News: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली एक बार फिर से क्रिकेट प्रशासन की दुनिया में लौट आए हैं। उन्हें रविवार को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। सौरव गांगुली अपने बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। गांगुली के लिए यह जिम्मेदारी बिल्कुल नई नहीं है।
गांगुली पहले भी रह चुके हैं CAB अध्यक्ष (Sourav Ganguly News)
सौरव गांगुली इससे पहले भी साल 2015 से 2019 तक CAB अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने बीसीसीआई का कार्यभार संभाला था और 2019 से 2022 तक भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रहे। अब एक बार फिर 'दादा' बंगाल क्रिकेट की कमान अपने हाथों में ले चुके हैं। नामांकन दाखिल करने के कुछ ही घंटों बाद गांगुली निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिए गए। अब वे 28 सितंबर को मुंबई में होने वाली बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) में CAB का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बंगाल क्रिकेट संघ के कामकाज में होंगे बड़े बदलाव
माना जा रहा है कि गांगुली के नेतृत्व में बंगाल क्रिकेट संघ के कामकाज में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CAB की पूरी कार्यकारिणी में भी बदलाव तय माना जा रहा है। मौजूदा उपाध्यक्ष अमलेन्दु बिस्वास, सचिव नरेश ओझा, कोषाध्यक्ष प्रभीर चक्रवर्ती और संयुक्त सचिव देबब्रत दास का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। खासकर दास को वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों पर पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
दादा का अनुभव बनेगा ताकत
गांगुली का क्रिकेट और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में लंबा अनुभव रहा है। कप्तान के तौर पर उन्होंने भारतीय टीम को नई पहचान दिलाई। वहीं, बीसीसीआई अध्यक्ष रहते उन्होंने कई अहम फैसले लिए, जिनका असर भारतीय क्रिकेट पर आज भी देखा जा सकता है। यही वजह है कि उनके CAB अध्यक्ष बनने से बंगाल क्रिकेट को मजबूती मिलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications