पेट्रोल नहीं है, लेकिन फिर भी... श्रीलंका में स्मृति मंधाना को LIVE देखने पहुंचा जबरा फैन
हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है। जहां शनिवार को 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया।

नई दिल्ली: हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है। जहां शनिवार को 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। मैच में भारतीय टीम ने कमाल का खेल दिखाया और 5 विकेट से मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई। इस बीच मैच के दौरान ऐसा कुछ देखने को मिला, जिसकी चर्चा क्रिकेट प्रेमियों के बीच लगातार हो रही है।

मंधाना को मिला उनका जबरा फैन
दरअसल, मुकाबले के दौरान एक फैन अपने हाथों में एक पोस्टर लिए हुआ था। यह कोई आम पोस्टर नहीं था बल्कि ये स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) के सबसे बड़े फैन का पोस्टर था। फैन पीले रंग का पोस्टर लेकर स्टेडियम पहुंचा था, जिस पर लिखा था- 'पेट्रोल नहीं है, लेकिन फिर भी स्मृति मंधाना को देखने आया हूं।' यह वाकया श्रीलंकाई पारी के 14वें ओवर का है। सोशल मीडिया पर यह पोस्टर जमकर वायरल हो रहा है और बेहद पसंद भी किया जा रहा है।
Smriti Mandhana fan ❤❤ pic.twitter.com/ono1yY7spT
— Cricket Fiesta (@CricketFiesta1) June 25, 2022

नेशनल क्रश मानी जाती हैं स्मृती
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना को देश में नेशनल क्रश तक कहकर बुलाया जाता है। नेशनल क्रश का टाइटल उनको 2017 में खेले गए ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप के बाद मिला था। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 9 मैचों में 29 की औसत और 94.30 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 232 रन बनाए थे। भारत के लिए अभी तक खेले 4 टेस्ट मैचों में मंधाना ने 46.42 की औसत के साथ 325 रन, 71 वनडे मैचों में 42.24 की औसत से कुल 2788 रन और 86 इंटरनेशनल टी20 मैचों में 2011 रन बनाए हैं। तीनों फॉर्मेट में स्मृति ने 6 शतक जमाए हैं।

मंधाना ने खेली शानदार पारी
मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 127 का स्कोर बनाया था। विशमी गुणरत्ने (45) टॉप स्कोरर रही। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने दो विकेट चटकाए। टीम इंडिया के सामने सीरीज जीतने के लिए 128 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टारगेट का पीछा करते हुए ओपनर स्मृति मंधाना ने स्मृति मंधाना ने 34 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 8 चौके जमाए। स्मृति के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 32 गेंदों पर नाबाद 31 रन की पारी खेली। मैच में 31 रन के अलावा 1 विकेट लेने के लिए कौर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड भी मिला।












Click it and Unblock the Notifications