IND vs AUS: रवि शास्त्री का बड़ा बयान, केएल राहुल को बाहर कर शुभमन गिल को मिलना चाहिए एक मौका
पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने यह कहा है कि केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को आखिरी दो टेस्ट मैच खिलाए जाने चाहिए। केएल राहुल लगातार आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खराब फॉर्म में चल रहे भारत के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को टीम से बाहर किए जाने की मांग पूर्व कोच रवि शास्त्री ने उठाई है। रवि शास्त्री का कहना है कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी दो टेस्ट मैचों में केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को खिलाया जाना चाहिए। आपको बता दें कि टीम मैनेजमेंट ने शुरुआती दो टेस्ट मैचों में अनुभवी केएल राहुल को मौका दिया था, जो लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऐसे में शुभमन गिल की मैनेजमेंट ने अनदेखी की। गिल ने इस सीरीज से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था।
गिल को मौका दिए जाने पर क्या बोले रवि शास्त्री?
केएल राहुल के खराब फॉर्म को देखते हुए अब यह माना जा रहा है कि शुभमन गिल आखिरी दो टेस्ट में जरूर खेलेंगे। गिल को मौका दिए जाने को लेकर रवि शास्त्री ने कहा है कि इस युवा खिलाड़ी को तीसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर में वापस बुलाया जाना चाहिए, इससे टीम का संतुलन अच्छा होगा। भारत का लक्ष्य जून में होने वाले WTC फाइनल में जगह बनाना है और इसके लिए ऑस्ट्रेलिया का क्लीन स्विप करना होगा।
'फॉर्म के आधार पर गिल को मिलना चाहिए मौका'
रवि शास्त्री ने कहा है कि गिल इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं, जिस तरह से उसने अभी तक बल्लेबाजी की है हर कोई यह सोच रहा होगा कि आखिरी उसे बाहर क्यों बिठाया हुआ है। रवि शास्त्री ने कहा है कि गिल का समय बहुत अच्छा चल रहा है, वो स्कोर करे या ना करे लेकिन फॉर्म और योग्यता के आधार पर वो एक मौके के हकदार हैं। रवि शास्त्री ने कहा कि जब आपके पास गिल जैसा खिलाड़ी होता है तो आपका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होना चाहिए।
गिल ने जड़ा था दोहरा शतक
आपको बता दें कि शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले महीने वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने 350 रन बनाए थे, जिसमें 208 रनों की उनकी बेहतरीन पारी भी शामिल है। उससे पहले गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा था। 2023 के पहले दो महीने में ही गिल ने चार इंटरनेशनल शतक जड़कर टीम में अपनी जगह पक्की करने की दावेदारी मजबूत कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications