AFG vs NZ: 'नोएडा में मैच पैसा कमाने के लिए आयोजित किया,' अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड टेस्ट में चौंकाने वाला खुलासा
AFG vs NZ: ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय पथिक स्टेडियम में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच एकमात्र टेस्ट मैच आयोजित किया गया लेकिन लगातार दूसरे दिन मुकाबला शुरू नहीं हो पाया। स्टेडियम ग्रेटर नोएडा अथोरिटी के अंतर्गत आता है, बारिश के बाद ग्राउंड तैयार नहीं हो पाया।
अब इस मुकाबले से सम्बंधित एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार पैसा बनाने के लिए इस मुकाबले का आयोजन यहाँ किया गया था। बरसाती मौसम का सीजन होने के बारे में सभी को पता था, इसे जानते हुए भी मुकाबला नोएडा में शेड्यूल किया गया।

टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक मामले से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि यह स्टेडियम ग्रेटर नोएडा अथोरिटी के अंडर आता है। यहाँ के कुछ लोग और अफगानिस्तान क्रिकेट के कुछ लोगों ने मिलकर पैसा कमाने के लिए बरसात के मौसम में भी यहाँ मैच आयोजित कराया।
सूत्र ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने कई बार अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड से मीटिंग करने के लिए कहा था। उनको कहा था कि आपको जो चाहिए, वह हम देंगे। हमारे पास अनुभव है और आपके लिए काम आसान हो जाएगा। UPCA ने कहा कि मुकाबला ग्रीन पार्क कानपुर में होना चाहिए क्योंकि इकाना स्टेडियम में यूपी लीग चल रही है।
गीले ग्राउंड को सूखाने के लिए लगे मजदूरों के बारे में भी सूत्र ने खुलासा किया। उसने कहा कि लेबर चौक से मजदूरों को उठाकर ले जाया गया। UPCA को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड से मिले एक व्हाट्सएप मैसेज के बाद सुपर सोपर उपलब्ध कराया गया था।
गौरतलब है कि लगातार दूसरे दिन भी ग्राउंड को खेलने लायक नहीं बनाया जा सका। अब तक मुकाबले का टॉस भी नहीं हुआ है। रात को हुई बारिश के बाद आउटफील्ड गीला हो गया था और इसे ठीक नहीं किया जा सका। दोपहर 3 बजे अंतिम इंस्पेक्शन करने के बाद अंपायरों ने दिन का खेल रद्द कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications