IND vs PAK: भारत से हार के बाद फट गए शोएब अख्तर, मोहसिन नकवी समेत पूरे PCB और बाबर को रौंद डाला
IND vs PAK: टी20 विश्व कप 2026 में भारत के हाथों मिली 61 रनों की करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान में भूचाल आ गया है। पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपनी टीम की इस शर्मनाक हार पर गहरी नाराजगी जताई है। अख्तर ने केवल खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर भी सीधा हमला बोला।
अख्तर ने ABP न्यूज पर बातचीत के दौरान पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें क्रिकेट की बुनियादी समझ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा जुर्म यह है कि आप किसी अयोग्य इंसान को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंप देते हैं। अख्तर के मुताबिक नकवी को यह भी नहीं पता कि क्रिकेट बोर्ड कैसे चलाया जाता है और इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट का यह हाल हुआ है।

बाबर को सुनाई खरीखोटी (IND vs PAK)
शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि आपने एक ऐसे खिलाड़ी को सुपरस्टार बना दिया है जो एक भी बड़ा मैच नहीं जिता सकता। अख्तर ने शाहीन अफरीदी की गेंदबाजी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार आधुनिक टी20 क्रिकेट के लिए काफी नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि टीम में ऐसे लोगों को जगह दी जा रही है जो प्रदर्शन करने के बजाय सिर्फ नाम के बड़े खिलाड़ी बन गए हैं।
भारत को बताया काफी आगे (IND vs PAK)
भारत की डोमिनेंस पर बात करते हुए अख्तर ने स्वीकार किया कि टीम इंडिया अब पाकिस्तान से कोसों आगे निकल चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत अगले 50 से 100 साल आगे की क्रिकेट खेल रहा है, जबकि पाकिस्तान अभी भी पुराने ढर्रे पर है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इस विश्व कप को जीतने का सबसे बड़ा दावेदार बताया और कहा कि पाकिस्तान फिलहाल भारत को हराने का सपना भी नहीं देख सकता।
PCB और सिस्टम पर निशाना
अख्तर ने अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि जब आप अयोग्य और अनजान लोगों को बड़े पदों पर बिठाते हैं, तो वह पूरे संस्थान को तबाह कर देते हैं। उन्होंने पीसीबी के मौजूदा सिस्टम को बिना दिमाग वाला बताया और कहा कि मैनेजमेंट को पता ही नहीं है कि क्या करना है। पूर्व तेज गेंदबाज ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान क्रिकेट में जमीनी स्तर पर सुधार नहीं किए गए, तो यह गिरावट और भी ज्यादा खतरनाक होगी।












Click it and Unblock the Notifications