शिखर धवन ने शुरू की 2023 वर्ल्ड कप की तैयारी! खाली समय में भी हाथ में बल्ला थाम किया नेट में अभ्यास
भारतीय टीम के बल्लेबाज शिखर धवन इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में हो रहे टी20 विश्व कप के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं। धवन की जगह चयनकर्ताओं ने केएल राहुल को बतौर ओपनर प्राथमिकता दी थी। ऐसे में धवन के पास अभी काफी खाली वक्त है, लेकिन धवन ने इस खाली वक्त में क्रिकेट की ही प्रैक्टिस पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। कहना गलत नहीं होगा कि धवन ने आईपीएल के अगले सीजन और 2023 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू कर दी है।

धवन ने नेट में की बैटिंग और रनिंग की प्रैक्टिस
दरअसल, शिखर धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो नेट में प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे हैं। धवन ने इस वीडियो को रील्स के रूप में शेयर किया है। इस वीडियो में धवन बल्लेबाजी की जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। वायरल वीडियो में शिखर धवन को विकेट के बीच में दौड़ लगाते हुए भी देखा जा सकता है। धवन ने नेट में रनिंग का भी अभ्यास किया। धवन ने वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कहा है, "चैंपियन कभी सोते नहीं हैं... शाश्वत आत्मा उन्हें सतर्क और जगाए रखती है!"
2023 विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं धवन!
आपको बता दें कि धवन को भले ही टी20 विश्व कप के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया हो, लेकिन उन्हें 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अभी से सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है और चयनकर्ताओं ने इसका उदाहरण भी दे दिया था। धवन को टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का कप्तान बनाया गया था। इससे पहले जिम्बाब्वे में भी धवन टीम के कप्तान थे।












Click it and Unblock the Notifications