शाहीन के इलाज का खर्च भी नहीं उठा पा रहा PCB, शाहिद अफरीदी ने किया हैरानी भरा खुलासा
नई दिल्ली, 16 सितंबर: पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ने T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय स्क्वायड की घोषणा कर दी है। बाबर आजम इसके कप्तान हैं और शादाब खान उपकप्तान है। राहत की बात यह है कि एक्शन से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की भी वापसी हो गई है। अफरीदी के घुटने में चोट लगी थी और वे एशिया कप से बाहर हो गए थे। आमतौर पर जब कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो उसके इलाज का पूरा खर्च संबंधित देश का क्रिकेट बोर्ड उठाता है लेकिन शाहीन अफरीदी के मामले में एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने सबको चौंका दिया है।

लंदन में रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम कर रहे हैं शाहीन शाह अफरीदी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने यह सनसनीखेज खुलासा किया है कि 22 साल के शाहीन अफरीदी लंदन में अपने इलाज का पूरा खर्चा खुद उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शाहीन अफरीदी खुद ही अपना इलाज कराने के लिए अपनी जेब से टिकट लेकर इंग्लैंड गए थे।
बता दें शाहीन अफरीदी इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सात मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज से भी बाहर बैठेंगे लेकिन उम्मीद है कि वे T20 वर्ल्ड कप तक फिट हो जाएंगे। वह इस महा प्रतियोगिता में फिट होने के लिए लंदन में रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम कर रहे हैं।

शाहिद अफरीदी ने किया हैरानी भरा खुलासा
जब एशिया कब शुरू हुआ था तो पाकिस्तान टीम के साथ शाहीन अफरीदी भी दुबई की यात्रा का हिस्सा बने थे और अपनी टीम के लिए स्टैंड से ही चीयर्स करते हुए दिखाई दिए थे। लेकिन वह 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के खिलाफ हुए उस मुकाबले के बाद यूनाइटेड किंगडम चले गए थे जहां उनको अपनी आगे की रिहैबिलिटेशन प्रोसेस पूरी करनी थी। पर शाहिद अफरीदी के खुलासे से ऐसा लगता है कि जैसे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और शाहीन अफरीदी अलग-अलग रास्तों पर जा रहे हैं।

लंदन में इलाज का सारा खर्च खुद उठा रहे हैं शाहीन
ऐसा अक्सर होता नहीं है कि खिलाड़ी अपनी जेब से पैसा देकर अपना इलाज कराएं लेकिन अफरीदी के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से कोई मदद नहीं मिल रही है और शाहीन अफरीदी खुद के खर्चे से जल्द से जल्द फिट होकर वापस आना चाहते हैं। अफरीदी ने समा टीवी के साथ एक इंटरव्यू में पूरे वाकये पर बातचीत की, जहां वे कहते हैं- अगर मैं शाहीन के बारे में बात करूं तो वह लड़का इंग्लैंड खुद अपने खर्चे पर गया है। उसने खुद अपना टिकट खरीदा है। उसने होटल में रुकने के लिए खुद ही पैसा खर्च किया है।

मैंने यहां से उसके लिए डॉक्टर का इंतजाम कराया है
"मैंने यहां से उसके लिए डाक्टर का इंतजाम कराया है और उसके बाद उसने उस डॉक्टर से संपर्क किया है। पीसीबी इस मामले में कुछ भी नहीं कर रहा है। जो भी कुछ कर रहा है शाहीन अपने खर्चे पर कर रहा है।"
शाहिद अफरीदी आगे कहते हैं कि, "सब कुछ, जिसमें डॉक्टर से संपर्क करना हो, या फिर उसका होटल रूम हो. या खाने का खर्चा हो, वह सब कुछ अपनी जेब से कर रहा है। जितना मुझे पता है जाकिर खान ने उससे एक दो बार बात की है लेकिन बस इतना ही हुआ है।"
पीसीबी ने भी एक स्टेटमेंट जारी किया है
आपको बता दें जाकिर खान इस समय पीसीबी में इंटरनेशनल टूर के लिए डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट हैं। शाहीन ने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट की थी जिसमें वे वेटलिफ्टिंग कर रहे हैं और जिम में बाकी एक्सरसाइज भी कर रहे हैं। उनके जल्द ही फिट होने का पूरी उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि शाहिद अफरीदी के बयान के बाद मची खलबली के बाद पीसीबी ने भी एक स्टेटमेंट जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि उन्होंने शाहीन से संपर्क किया है और वे उनके रिहैब का सारा खर्चा खुद उठाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications