क्या पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ की चीटिंग? मैदान पर ऐसा क्या हुआ जिससे लगे फिक्सिंग के आरोप
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लाहौर में खेले गए ट्राई सीरीज के चौथे वनडे में ऐसा नाटकीय पल आया, जिसने मुकाबले को कुछ सेकंड के लिए पूरी तरह बदल दिया। पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें शादाब खान के बल्ले पर टिकी थीं, लेकिन जब अंपायर ने उन्हें LBW आउट दिया तो इंग्लैंड ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया।
ब्रॉडकास्टर ने भी इंग्लैंड की 20 रन से जीत दिखा दी। हालांकि तीसरे अंपायर ने जब चेक किया तो बाजी पलट गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर बड़ा हंगामा देखने को मिला। पाकिस्तान पर चीटिंग और फिक्सिंग जैसे आरोप लगे।

शादाब के आउट होते ही खत्म मान लिया गया मैच
पाकिस्तान को जीत के लिए 21 रन की जरूरत थी और उसके नौ विकेट गिर चुके थे। शादाब खान 96 गेंदों पर 113 रन बनाकर टीम को जीत के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे थे। तभी गस एटकिंसन की गेंद पर LBW की अपील हुई और मैदानी अंपायर ने उंगली उठा दी।
शादाब की प्रतिक्रिया से भी लगा कि उन्हें फैसला सही लग रहा है। उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला जमीन पर पटका और इंग्लैंड के खिलाड़ियों से हाथ मिलाना शुरू कर दिया। मुकाबला खत्म होता दिख रहा था लेकिन कुछ ही पलों में तस्वीर बदल गई।
अल्ट्राएज में दिखा हल्का सा एज, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
तीसरे अंपायर ने रिप्ले की जांच की तो अल्ट्राएज में गेंद के बल्ले के पास से गुजरते समय हल्का स्पाइक दिखाई दिया। इससे पता चला कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई थी। लिहाजा LBW का फैसला पलट गया और पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें फिर जिंदा हो गईं।
इसके बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि आखिर शादाब ने रिव्यू कब लिया, क्योंकि शुरुआती कैमरा एंगल में उन्हें DRS का इशारा करते हुए नहीं दिखाया गया था। बाद में सामने आए दूसरे एंगल में संकेत मिला कि शादाब ने रिव्यू मांगा था। पाकिस्तान के पास उस समय एक रिव्यू बचा हुआ था, भले ही शादाब खुद फैसले को चुनौती देने को लेकर आश्वस्त नजर नहीं आ रहे थे।
शादाब बने मैच में हीरो
शादाब ने 96 गेंदों पर 113 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पाकिस्तान एक समय 154 रन पर नौ विकेट गंवा चुका था लेकिन शादाब ने हार नहीं मानी। आखिरी विकेट के लिए हारिस रऊफ के साथ उनकी साझेदारी निर्णायक साबित हुई। हारिस ने 19 गेंदों पर सात रन बनाए। इस DRS की वजह से पाकिस्तान ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।


Click it and Unblock the Notifications
