संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा, कौन होगा शुभमन गिल के आने पर बाहर? पूर्व क्रिकेटर की बड़ी भविष्यवाणी
Asia Cup 2025: शुभमन गिल को एशिया कप के लिए टीम इंडिया में शामिल करने पर बवाल बढ़ता जा रहा है। श्रेयस अय्यर को टीम से बाहर रखा गया है। उनको बाहर रखने पर सोशल मीडिया पर हंगामा हुआ। पूर्व क्रिकेटरों ने भी श्रेयस अय्यर को नहीं चुनने के निर्णय पर सवाल उठाए हैं।
शुभमन गिल के आने से टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप में खलबली मचेगी और उथल-पुथल भी देखने को मिलेगी। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के रूप में दो ओपनर बल्लेबाज टीम इंडिया में शामिल हैं। अब देखना होगा कि गिल के ओपन करने पर दोनों में से कौन बाहर रहेगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस मामले पर अपनी राय रखी है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि अब टीम इंडिया सभी प्रारूप में गिल को कप्तान बनाने की तरफ अग्रसर है। गिल के आने से ओपनिंग स्लॉट में उनको सैमसन की जगह बनती नहीं दिख रही।
जियो-हॉटस्टार से बातचीत करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि शुभमन गिल की टीम में वापसी के बाद संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में जगह लगभग खत्म हो गई है। टीम के मौजूदा संतुलन को देखते हुए न तो तिलक वर्मा को बाहर किया जा सकता है और न ही हार्दिक पंड्या को। ऐसे में संजू को बेंच पर बैठना पड़ेगा और विकेटकीपर की भूमिका एक बार फिर से जितेश शर्मा निभा सकते हैं।
चोपड़ा का मानना है कि चयनकर्ताओं के फैसले से यह साफ झलकता है कि उन्होंने खिलाड़ियों के नाम की बजाय बल्लेबाजी क्रम और टीम कॉम्बिनेशन को प्राथमिकता दी है। उपकप्तान के तौर पर गिल की मौजूदगी उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह पक्की करती है, और वे पारी की शुरुआत करेंगे। इसका सीधा असर संजू सैमसन पर पड़ा है, जो अब शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं दिख रहे हैं।
चोपड़ा ने कहा कि टीम में सही संतुलन के लिए कप्तान और कोच मिलकर फैसला लेंगे। एक बार दुबई पहुँचने के बाद तस्वीर ज्यादा साफ़ हो जाएगी। शुभमन गिल अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं और अब ऑप्शन भी काफी हैं। संजू सैमसन के अलावा अब दो और अच्छे विकल्प टीम के पास हैं।












Click it and Unblock the Notifications