अस्पताल में भर्ती थे फिर भी बल्ला लेकर मैदान में उतरे संजू सैमसन, अब पत्नी ने उठाया राज से पर्दा
Sanju Samson in hospital: टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बने हुए हैं। एशिया कप 2025 के लिए संजू सैमसन का नाम टीम में है। लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन पाएंगे या नहीं यह अभी तय नहीं हुआ है। इस बीच गुरुवार, 21 अगस्त को उनकी पत्नी चारुलथा रेमेश ने अपने इंस्टाग्राम पर संजू सैमसन को लेकर स्टोरी शेयर की है।
मैच से पहले अस्पताल में थे संजू (Sanju Samson in hospital)
चारुलथा रेमेश ने सोशल मीडिया पर एक अपडेट शेयर किया, जिसमें बताया कि दोपहर 3 बजे संजू अस्पताल में थे। इसके बाद इसी दिन शाम 8 बजे केरल क्रिकेट लीग के मैच में खेलते नजर आए। दरअसल, संजू सैमसन को केरल क्रिकेट लीग 2025 में अपनी टीम कोच्चि ब्लू टाइगर्स (KBT) के लिए खेलना था। मैच से पहले उनकी एक तस्वीर सामने आई जिसमें उनके हाथ पर मेडिकल स्ट्रिप्स लगी हुई थीं, जिससे फैंस को चिंता हो गई। लेकिन शाम होते-होते सभी की चिंता दूर हो गई जब वह मैदान पर उतरे।

ऐसा रहा मैच का हाल
मैच में कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। विरोधी टीम अदानी तिरुवनंतपुरम रॉयल्स (ART) की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम सिर्फ 97 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में ब्लू टाइगर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 2 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने 49 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
कौन रहा जीत का हीरो
इस जीत में सैली विश्वनाथ हीरो बने। उन्होंने 30 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। मैदान पर संजू सैमसन का रनआउट भी चर्चा का विषय रहा, क्योंकि कुछ घंटे पहले ही वह अस्पताल में थे। उनकी पत्नी चारुलथा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि माय बॉय", जिससे साफ झलकता है कि वह अपने पति के जज्बे पर गर्व महसूस कर रही थीं।
एशिया कप की टीम में शामिल संजू सैमसन
गौरतलब है कि संजू सैमसन को हाल ही में एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें सूर्यकुमार यादव को कप्तान और शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाया गया है। टीम इंडिया का पहला मैच 9 सितंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में होगा, जहां पाकिस्तान और ओमान जैसी टीमें भी ग्रुप में शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications