संजय मांजरेकर ने दिग्गज बॉलर को किया खारिज, बोले- भारत को अहसास होगा वो असरदार स्पिनर नहीं है
नई दिल्लीः टी20 वर्ल्ड कप के बाद हुए पहले ही विदेशी दौरे में भारतीय क्रिकेट टीम के साथ इतनी समस्याएं आ जाएंगी ये किसी ने नहीं सोचा था। सबसे पहले कोच बदला, फिर कप्तान बदला और अब पूरी लीडरशिप ही बदल गई। बल्लेबाजों का विदेशी पिचों पर घटिया प्रदर्शन नई बात नहीं थी लेकिन भारत वे दो टेस्ट मैच तब हारा जब हमारे गेंदबाजों ने चौथी पारी में अफ्रीकी बल्लेबाजों को आउट नहीं किया। गेंदबाज हर बार नहीं चल सकते लेकिन चौथी पारी में लगातार दो टेस्ट मैचों में भारतीय गेंदबाजों का फ्लॉप शो नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ये भविष्य के लिए चिंता की निशानी की शुरुआत भी हो सकती है। फिर वनडे में बुरा हाल जारी रहा जहां पर स्पिनरों को जबरदस्त मार पड़ी।

संजय मांजरेकर ने रविचंद्रन अश्विन को किया खारिज-
दक्षिण अफ्रीका के पूरे दौरे पर एक खिलाड़ी कोढ़ में खाज साबित हुआ और वह हैं रविचंद्रन अश्विन जो गेंद से स्कूली बच्चों सरीखे और बल्लेबाजीं में किसी क्लब क्रिकेटर सरीखे साबित हुए। जिन विदेशी पिचों पर नाथन लियोन विकेट निकालते रहते हैं वहां पर अश्विन ने हाथ खड़े करके साबित कर दिया कि वे एशिया के बाहर कुछ भी हैसियत नहीं रखते हैं। वनडे क्रिकेट में उनके जोड़ीदार युजवेंद्र चहल को भी नहीं बख्शा गया और उन्हें बढ़िया मार पड़ी।

अश्विन वो असरदार स्पिनर नहीं है जिसकी भारत को इस समय जरूरत है
भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने इस पूरी स्थिति पर कहा है कि ये समझ से बाहर कि टीम इंडिया ने अश्विन को अपने वनडे प्लान का हिस्सा कैसे बना लिया। उम्मीद है भारत जल्द समझ जाएगा कि अश्विन वो असरदार स्पिनर नहीं है जिसकी भारत को इस समय जरूरत है।
मांजरेकर का कहना है कि अब कुलदीप यादव को मौका देने का सही समय आ चुका है क्योंकि वनडे विश्व कप 2023 में ज्यादा समय नहीं बचा है।
दरअसल रविचंद्रन अश्विन बीच के ओवरों में बिल्कुल विकेट नही ले रहे और ऐसा दुर्भाग्य केवल भारत के ही साथ जुड़ा है कि 400 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाला बॉलर अचानक किसी भी मैच में नौसिखिया लगने लगता है।

यह भारत का बेस्ट स्पिन अटैक नहीं है- रविचंद्रन अश्विन
मांजरेकर इस स्पिन अटैक पर कहते हैं कि यह स्पिन आक्रमण भारत का बेस्ट अटैक नहीं है और अश्विन का ट्रैक रिकॉर्ड भी इस बात की गवाही देता है लेकिन चहल भारत के सफल सफेद गेंद स्पिनर रहे हैं लेकिन आप देख सकते हैं कि फिलहाल वे भी खराब हो रहे हैं। ये स्पिन अटैक लंबे समय के लिए भारत के लिए आदर्श नहीं है। कुलदीप यादव को वापस बुलाने का समय है और उनका रिकॉर्ड बेहतर है।
बता दें कि भारतीय टीम कल यानी 23 जनवरी को केपटाउन में तीसरा वनडे मुकाबला खेलेगी। पहले तो टेस्ट सीरीज में अश्विन कुछ नहीं कर सके जिसका खामियाजा सीरीज में करारी हार के तौर पर मिला और अब वनडे मैचों में वे अपने खास प्रदर्शन से बहुत दूर हैं। उनके जोड़ीदार रविंद्र जडेजा चोट के चलते सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications