Sanjay Bangar Controversy: कमेंट्री बॉक्स में 'राष्ट्रभाषा' को लेकर मचा बवाल! संजय बांगर पर भड़के फैंस
Sanjay Bangar Controversy: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पूर्व भारतीय कोच और कमेंटेटर संजय बांगर अपने एक बयान की वजह से सोशल मीडिया पर यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। खेल के मैदान पर जहां टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया जाना चाहिए था, वहीं बांगर के एक कमेंट ने इंटरनेट पर 'भाषा विवाद' को जन्म दे दिया है।
कमेंट्री बॉक्स में आखिर ऐसा क्या हुआ? (Sanjay Bangar Controversy)
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 13वें ओवर के दौरान हुई। कमेंट्री बॉक्स में संजय बांगर के साथ पूर्व तेज गेंदबाज वरुण एरोन मौजूद थे। मैदान पर वॉशिंगटन सुंदर गेंदबाजी कर रहे थे और केएल राहुल विकेट के पीछे से उन्हें कुछ निर्देश दे रहे थे। वरुण एरोन ने जिक्र किया कि केएल राहुल और सुंदर आपस में तमिल में बात कर रहे हैं। सुंदर काफी तेज गेंद फेंक रहे थे, जिसके बाद राहुल ने उन्हें तमिल में गति धीमी करने को कहा।

हिंदी को बताया भारत की राष्ट्रभाषा
वरुण ने बांगर से मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि सुंदर तमिल भाषा को बेहतर समझते हैं, क्योंकि राहुल की बात सुनते ही उन्होंने अपनी गति बदल ली। इस पर संजय बांगर ने विवादित जवाब देते हुए कहा कि वह केवल 'राष्ट्रभाषा' में विश्वास रखते हैं और उन्होंने हिंदी को भारत की राष्ट्रभाषा करार दे दिया।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
बांगर का यह बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। कई यूजर्स ने उन्हें टोकते हुए कहा कि तकनीकी और संवैधानिक रूप से भारत की कोई एक 'राष्ट्रभाषा' नहीं है, बल्कि हिंदी और अंग्रेजी आधिकारिक भाषाएं हैं। दक्षिण भारतीय फैंस और भाषाई विविधता के समर्थकों ने बांगर को जमकर ट्रोल किया और उनके इस बयान को अनावश्यक बताया।
पहले मैच में किसे मिली जीत?
अगर मैच की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले वनडे में 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। हालांकि, यह जीत उतनी आसान नहीं थी जितनी दिख रही थी। 301 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली (93 रन) अपने शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने जीत की मजबूत नींव रखी। 40वें ओवर तक भारत 234-2 के स्कोर पर मजबूत स्थिति में था, लेकिन कोहली के आउट होते ही मैच पलट गया। भारत ने सिर्फ 7 गेंदों के भीतर 3 विकेट गंवा दिए। लेकिन केएल राहुल ने टीम को एक ओवर पहले जीत दिलाने में सफल रहे।












Click it and Unblock the Notifications