अर्जुन-सानिया के विवाह के लिए सचिन ने मोदी से लिया आशीर्वाद, जल्द गूंजेगी शहनाई, PM को मिला न्योता
Sachin Tendulkar Meet PM Modi: क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य अपने पुत्र अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक के आगामी विवाह समारोह के लिए प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करना था। तेंदुलकर परिवार के साथ हुई इस भेंट की तस्वीरें खुद सचिन ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
सचिन तेंदुलकर ने पीएम मोदी को भेजा शादी का न्योता (Sachin Tendulkar Meet PM Modi)
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर तस्वीरों के साथ एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कहा कि हमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को अर्जुन और सानिया की शादी के लिए आमंत्रित करते हुए बहुत गर्व महसूस हो रहा है। इस युवा जोड़े के लिए उनके आशीर्वाद और विचारशील सुझावों के लिए हम मोदी जी के बहुत आभारी हैं" बता दें कि अर्जुन और सानिया का रिश्ता पिछले साल अगस्त में सार्वजनिक हुआ था, जिसके बाद एक निजी समारोह में दोनों ने सगाई की थी।

कौन हैं सानिया चंडोक?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाह की तारीख तय हो चुकी है और यह समारोह इसी साल मार्च में आयोजित किया जा सकता है। अर्जुन तेंदुलकर की होने वाली पत्नी सानिया चंडोक एक प्रतिष्ठित व्यापारिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वे जाने-माने उद्योगपति रवि घई की पोती हैं, जो 'ग्रविस ग्रुप' के प्रमुख हैं। सानिया खुद एक सफल उद्यमी हैं। वे 'मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी' में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। यह मुंबई स्थित एक प्रमुख स्टार्टअप है जो पालतू जानवरों की देखभाल और सेवाओं पर केंद्रित है।
घई परिवार का कारोबार हॉस्पिटैलिटी सेक्टर (जैसे इंटरकांटिनेंटल होटल) में भी फैला हुआ है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनके समूह की कंपनी 'ग्रविस फूड सॉल्यूशंस' ने 624 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया है। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन एक ऑलराउंडर के रूप में क्रिकेट के मैदान पर सक्रिय हैं। मुंबई से अपने टी20 करियर की शुरुआत करने के बाद, अर्जुन ने घरेलू क्रिकेट में गोवा की टीम का रुख किया।
अर्जुन अब तक 22 प्रथम श्रेणी (FC) मैच, 23 लिस्ट-ए और 29 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। वे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और उपयोगी निचले क्रम के बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2022-23 सीजन में गोवा के लिए डेब्यू किया था, जहां उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन किया है।












Click it and Unblock the Notifications