SA vs SL 2nd Test: दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को चटाई धूल, WTC में ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर बना नंबर-1
SA vs SL, 2nd Test Day 5 highlights: दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में 109 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही प्रोटियाज टीम ने सीरीज में 2-0 से कब्जा जमाया। श्रीलंकाई टीम को जीत के लिए 348 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन वे अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 238 रन पर सिमट गई। जिससे अफ्रीका ने आसानी से इस मुकाबले को अपने ना कर लिया।
टॉप पर पहुंची दक्षिण अफ्रीका
इस जीत ने दक्षिण अफ्रीका को WTC 2023-25 में शीर्ष स्थान पर पहुंचा दिया, जिससे टीम की स्थिति और भी मजबूत हो गई है। टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में बदलाव देखने को मिला था। टीम इंडिया तीसरे स्थान पर आ गई थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने टॉप पर अपनी जगह बनाई थी। लेकिन अब, मात्र 24 घंटे बाद, श्रीलंका पर साउथ अफ्रीका की जीत ने WTC प्वाइंट्स टेबल में फिर से उलटफेर कर दिया है।

बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेले गए इस रोमांचक टेस्ट मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में काइल वेरिन और रयान रिकेल्टन के शतकों की मदद से 358 रन बनाए, जिससे वे मजबूत स्थिति में थे। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने पथुम निसानका के 89 रन की मदद से 328 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका से पीछे रहते हुए संघर्ष किया।
दक्षिण अफ्रीका को मिली दमदार जीत
इसके बाद मेज़बान टीम ने अपनी दूसरी पारी में 317 रन बनाए, जिससे श्रीलंकाई टीम के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा गया। हालांकि, श्रीलंकाई टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा (50 रन) और कुसल मेंडिस (46 रन) ने अच्छी बल्लेबाजी की। लेकिन वे अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके। अंत में मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीत लिया। इस जीत से दक्षिण अफ्रीका को बड़ा फायदा पहुंचा है।
केशव महाराज ने किया कमाल
स्पिनर केशव महाराज ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने 25 ओवरों में 76 रन देते हुए 5 विकेट हासिल किए। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां पांच विकेट हॉल रहा। वहीं श्रीलंका के खिलाफ उनका दूसरा पांच विकेट हॉल था। पहली पारी में भी उन्होंने 2 विकेट चटकाए थे, जिससे उनकी गेंदबाजी की पूरी श्रृंखला काफी प्रभावी रही। केशव महाराज ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 56 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 29.67 की औसत से 193 विकेट लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications