DK से पहले बैटिंग के लिए आने वाले थे पंत, क्रीज पर मौजूद हिटमैन ने आखिरी मिनट में बदला फैसला
नई दिल्ली, 24 सितंबर: नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से मिली जीत के बाद भारतीय टीम ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। बारिश के चलते मुकाबला 8-8 ओवर का खेला गया, जहां भारत के सामने 48 गेंदों पर 91 रन का टारगेट था। टीम इंडिया ने चार गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। भारत की जीत में फिनिशर दिनेश कार्तिक ने लगातार दो गेंदों पर पर छक्का और चौका जड़कर टीम को शानदार जीत दिलाई।

कार्तिक से पहले आने वाले थे पंत
दूसरे टी20 में ऋषभ पंत को भी प्लेइंग-11 का टिकट मिला था और सातवें ओवर में हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद वही बल्लेबाजी के लिए आने वाले थे, लेकिन ऐन मौके पर कप्तान रोहित शर्मा ने अपना फैसला बदला और पंत की जगह दिनेश कार्तिक को मैदान पर आने के लिए कहा। भारतीय कप्तान ने खुद इस बात का खुलासा पोस्ट मैच सेरेमनी में दिए अपने बयान में किया।

क्या बोले हिटमैन?
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, ''हम यह सोच रहे थे कि क्या ऋषभ पंत को भेजा जा सकता है, मगर मुझे लगा कि डेनियल सैम्स आखिरी ओवर डालेंगे और वह ऑफ कटर ही गेंदबाजी करते हैं। इसलिए मैंने सोचा कि दिनेश कार्तिक को ही अंदर आने दें। वह वैसे भी हमारे लिए फीनिशर की भूमिका निभा रहे हैं।''

कार्तिक ने आते ही लुटी महफिल
मैदान पर आते ही दिनेश कार्तिक ने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर से अपना दीवाना बना दिया। DK ने पहली सैम्स की पहली गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग शानदार छक्का जमाया और दूसरी गेंद को डीप मिड विकेट की दिशा में चार रन के लिए भेजा। वह 2 गेंदों में 500 के स्ट्राइक रेट के साथ 10 रन पर नाबाद लौटे। वहीं, दूसरे छोर पर कप्तान रोहित शर्मा भी 46 रन बनाकर नाबाद रहे।

रविवार को आखिरी मैच
भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार, 25 सितंबर को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जो भी टीम ये मैच जीतने में सफल रहेगी, वो सीरीज पर भी अपना कब्जा जमा लेगी। इस सीरीज के बाद भारत घरेलू मैदानों पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत के लिए ये आखिरी टी20 सीरीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications