रोहित शर्मा नहीं करेंगे टेस्ट टीम की कप्तानी, कौन होगा इंग्लैंड में भारतीय टीम का कप्तान?
Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम अब जून में ही रेड बॉल क्रिकेट खेलने के लिए मैदान पर उतरने वाली है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हार के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच की दौड़ से बाहर हो गई थी। रोहित शर्मा की कप्तानी और फॉर्म पर सवाल उठे थे।
रोहित शर्मा को इस प्रारूप से रिटायरमेंट लेने की सलाह तक मिली थी। हालांकि इसके बाद उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने चैम्पियंस ट्रॉफी में टाइटल जीता और देशवासियों को ख़ुशी से झूमने का मौका दिया लेकिन अब एक बड़ी खबर सामने आई है।

इंग्लैंड दौरे पर रोहित शर्मा की जगह भारतीय टीम का कप्तान कोई अन्य खिलाड़ी हो सकता है। इंडिया टुडे ने एक रिपोर्ट में इसका खुलासा करते हुए कहा है कि इंग्लैंड दौरे पर खेलने के लिए रोहित शर्मा टीम इंडिया के साथ नहीं जाएंगे। कोई दूसरा कप्तान होगा।
Rohit Sharma होंगे बाहर?
रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में अपने खराब प्रदर्शन के कारण इंग्लैंड के दौरे का हिस्सा नहीं बनने का फैसला किया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज 6।20 की औसत से पांच पारियों में 31 रन ही बना पाए थे और इस वजह से वह आलोचना का शिकार भी बने।
Rohit Sharma के अलावा कोहली का क्या होगा?
इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि विराट कोहली टीम में अपना स्थान बरकरार रखने में सफल रहेंगे। पर्थ में विराट कोहली के बल्ले से एक शतक आया था, इसके बाद खेले गए मैचों में वह फ्लॉप रहे थे। टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया में हार के बाद आलोचना कोहली की भी जमकर हुई थी।
टीम इंडिया की कप्तानी किसको मिलेगी?
अगर रोहित नहीं खेलते हैं, तो कप्तानी बुमराह के हाथों में देखी जा सकती है। इस पर क्या फैसला होता है, यह देखने वाली बात होगी। जसप्रीत बुमराह टीम के उपकप्तान हैं लेकिन फ़िलहाल वह फिटनेस समस्या के कारण खुद आईपीएल के कुछ मैचों से बाहर हैं। उनकी वापसी जल्दी ही हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications