उमेश यादव को आखिर कैसे साढ़े 3 साल बाद टीम में मिली जगह, कप्तान रोहित शर्मा ने हटाया राज से पर्दा
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए उमेश यादव को भारतीय टी-20 टीम में जगह दी गई है। कोरोनावायरस की वजह से बाहर हुए मोहम्मद शमी की जगह उमेश यादव को टीम में शामिल किया गया है।
नई दिल्ली, 18 सितंबर। ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए उमेश यादव को भारतीय टी-20 टीम में जगह दी गई है। कोरोनावायरस की वजह से बाहर हुए मोहम्मद शमी की जगह उमेश यादव को टीम में शामिल किया गया है। उमेश यादव लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे थे, लेकिन इस सीरीज के दौरान उन्हें एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका दिया गया है। उमेश यादव के लिए आईपीएल का यह सीजन शानदार गुजरा था।
Recommended Video

20 सितंबर से खेली जानी है सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 सितंबर से तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज से पहले भारत को मोहम्मद शमी के रूप में बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली यह सीरीज मोहम्मद शमी के लिए वर्ल्ड कप के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा था। इसके परफॉर्मेंस के दम पर ही मोहम्मद शमी वर्ल्ड कप की टीम में अपनी जगह बना सकते थे।

उमेश यादव को लेकर रोहित ने कही यह बात
रोहित शर्मा ने रविवार यानी 18 सितंबर को टीम के प्रैक्टिस सेशन से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने उमेश यादव की टीम में वापसी पर भी अपनी बात रखी। रोहित शर्मा ने कहा कि हमारे पास गेंदबाजी के कुछ ऑप्शन जरूर थे, लेकिन उनमें से कई प्रसिद्ध कृष्णा की तरह चोटिल हैं। मोहम्मद सिराज काउंटी खेल रहे हैं और हम नहीं चाहते कि वह इतना लंबा सफर कर एक-दो मैच खेलने आए।

आवेश खान भी नहीं हैं फिट
युवा गेंदबाजों में प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा आवेश खान का विकल्प मौजूद था। लेकिन वह एशिया कप के दौरान बीमार पड़ गए थे, ऐसे में हम रिस्क नहीं लेना चाहते थे। उन्हें ठीक होने के लिए कुछ समय चाहिए। फिटनेस के नजरिए से उमेश यादव टीम में बिल्कुल फिट बैठते हैं। उनका हालिया फॉर्म भी शानदार रहा है। उमेश, शमी जैसे खिलाड़ी जो लंबे समय से गेंदबाजी कर रहे हैं, उनके नाम पर हमें कभी भी ज्यादा विचार करने की जरूरत नहीं पड़ती।

उमेश यादव खेलने के लिए हैं बिल्कुल फिट
बता दें कि भारत की तरफ से साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले उमेश यादव भी चोटिल थे। लेकिन अब वह अपनी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव से उबर गए हैं जिसके कारण वह इंग्लैंड में काउंटी मैचों में नहीं खेल पाए थे। बीसीसीआई सूत्रों ने बताया कि उमेश एनसीए में इलाज करा रहे थे और अब वह चोट से उबर गए हैं और खेलने के लिए फिट हैं।












Click it and Unblock the Notifications