IPL: रोहित शर्मा सिर्फ 79 रन दूर! क्या आज इतिहास रचेंगे हिटमैन? GT के खिलाफ इस बड़े मुकाम तक पहुंचने का मौका
MI vs GT Match: वानखेड़े स्टेडियम में आज मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात टाइटंस से है और फोकस है सिर्फ रोहित शर्मा पर। 'हिटमैन' को आईपीएल इतिहास में 7,000 रन पूरे करने के लिए अब सिर्फ 79 रन की जरूरत है। अगर आज उनका बल्ला चला, तो वो विराट कोहली (8,509 रन) के बाद यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।
विराट के क्लब में एंट्री के बेहद करीब
रोहित शर्मा ने अब तक 262 पारियों में 6,921 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 शतक और 46 अर्धशतक हैं। अगर आज वो 79 रन बना लेते हैं, तो वह कोहली के बाद इस क्लब में शामिल होने वाले दूसरे बल्लेबाज बनेंगे- जो बताता है कि रोहित ने किस तरह सालों तक अपनी बल्लेबाजी से लीग को प्रभावित किया है।

डेक्कन से शुरुआत, मुंबई में बनी पहचान
रोहित ने आईपीएल करियर की शुरुआत 2008 में डेक्कन चार्जर्स के लिए की थी, जहां उन्होंने 45 मैचों में 1,170 रन बनाए। इसके बाद मुंबई इंडियंस से जुड़कर उन्होंने खुद को एक लीडर और मैच विनर के रूप में स्थापित किया। मुंबई के लिए उन्होंने अब तक 5,751 रन बनाए हैं और पांच बार टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
फॉर्म में लौटे हैं हिटमैन, कोच भी खुश
सीजन की शुरुआत में भले ही रोहित कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन पिछले 5 मैचों में उन्होंने 234 रन ठोककर शानदार वापसी की है। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 58.50 रहा है। टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने का भी मानना है कि रोहित की ये फॉर्म टीम को पावरफुल शुरुआत दे रही है, जिससे मिडिल ऑर्डर को खुलकर खेलने का मौका मिल रहा है।
नेट रन रेट में सबसे आगे मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस 11 में से 7 मैच जीत चुकी है और उनके 14 अंक हैं। खास बात यह है कि उनका नेट रन रेट +1.274 है, जो इस वक्त सभी टीमों में सबसे ज्यादा है। ऐसे में मुंबई को बचे 3 में से 2 मैच जीतने की जरूरत है ताकि सेफ क्वालिफिकेशन मिल सके। अगर सिर्फ एक मैच जीते भी तो NRR उन्हें बचा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications