एक्सीडेंट के बाद पहली बार अपने पैरों पर खड़े हुए ऋषभ पंत, सोशल मीडिया पर शेयर की फोटोज
ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर अपनी फोटोज शेयर की हैं। इन फोटोज में पंत बैसाखी के सहारे चलने की कोशिश कर रहे हैं। पंत रोड एक्सीडेंट का शिकार हो गए थे।

साल 2022 के आखिरी दिन और नए साल की पूर्व संध्या पर एक भीषण रोड एक्सीडेंट का शिकार हुए टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत तेजी से रिकवर हो रहे हैं। हादसे के बाद ऋषभ अब धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हो रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी दो फोटोज शेयर की हैं, जिसमें वो अपने पैरों पर खड़े दिख रहे हैं। हालांकि उन्होंने बैसाखी का सहारा लिया है, लेकिन यह पहली बार है जब एक्सीडेंट के बाद ऋषभ अपने पैरों पर खड़े दिखाई दिए हैं। ऋषभ की यह फोटोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
पंत के पैर पर चढ़ा है प्लास्टर
ऋषभ ने इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए लिखा है, "एक कदम आगे के लिए, एक कदम मजबूती के लिए और एक कदम बेहतरी के लिए।" आपको बता दें कि इस फोटो में ऋषभ पंत के पैर में प्लास्टर चढ़ा हुआ है। ऋषभ की इस पोस्ट पर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर, टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा ने भी कॉमेंट किया है। चेन्नई सुपरकिंग्स के भी ऑफिशियल अकाउंट से इस फोटो पर कॉमेंट किया गया है।
हादसे में बाल-बाल बचे थे पंत
आपको बता दें कि ऋषभ ने कुछ दिन पहले भी इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी भी लगाई थी, जिसमें उन्होंने आंगन की तस्वीर शेयर की थी। पंत ने एक स्टोरी भी लगाई है, जिसमें वह लूडो खेलते दिख रहे हैं। बता दें कि ऋषभ पंत नए साल की पूर्व संध्या पर एक भयानक रोड एक्सीडेंट का शिकार हुए थे। वो 31 दिसंबर को अपने घर रूडकी जा रहे थे। दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसके बाद उनकी कार में आग लग गई थी। इस हादसे में पंत की जान बाल-बाल ही बची थी।












Click it and Unblock the Notifications