ऋषभ पंत ने बनाया छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ यह कारनामा
Rishabh Pant: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन ऋषभ पंत ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा अपनी 89वीं पारी में किया और सबसे कम पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए।
ऋषभ पंत ने लाहिरू कुमारा की गेंद पर धांसू छक्का लगाकर टेस्ट क्रिकेट में छक्कों का शतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया, टेस्ट में यह उनका 20वां अर्धशतक है। पंत के इस शॉट ने भारतीय टीम की पारी में भी अचानक तेजी ला दी।

टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के किसके नाम?
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन स्टोक्स के नाम है। उन्होंने अब तक 138 छक्के लगाए हैं। ब्रेंडन मैकलम 107 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। ऋषभ पंत 100 छक्कों के साथ एडम गिलक्रिस्ट की बराबरी पर पहुंच गए हैं।
149 सालों के टेस्ट इतिहास का धाकड़ कीर्तिमान
हालांकि सबसे तेजी से 100 छक्के पूरे करने के मामले में ऋषभ पंत ने सभी को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने सिर्फ 89 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। एडम गिलक्रिस्ट को 100 छक्कों के लिए 130 पारियां लगी थीं, जबकि बेन स्टोक्स ने 151 और ब्रेंडन मैकलम ने 170 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। इस मामले में ऋषभ पंत ने 149 साल के टेस्ट इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। वह 69 गेंदों में 66 रन बनाकर आउट हुए, इसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
भारत के लिए टेस्ट में सर्वाधिक छक्के
यहां एक और खास बात यह है कि भारतीय टीम के 94 सालों के टेस्ट इतिहास में 100 छक्कों तक पहुँचने वाले ऋषभ पंत इकलौते खिलाड़ी हैं। उनके बाद दूसरा नंबर वीरेंद्र सहवाग का आता है, उन्होंने 90 टेस्ट छक्के जमाए थे। रोहित शर्मा के नाम 88 छक्के हैं। पंत ने सभी को पछाड़ते हुए एक धमाकेदार कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
Bringing 𝟱𝟬 & 𝟭𝟬𝟬 at the same time in Pant style 😮💨👏pic.twitter.com/zPz41i2n1g
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) August 18, 2026
गेंदों के मामले में भी टॉप क्लास
गेंदों की बात करें तो यहां भी पंत का रिकॉर्ड बेहद खास है। उन्होंने केवल 4918 गेंदों का सामना करते हुए टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे किए। इस मामले में एडम गिलक्रिस्ट 6578 गेंदों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकलम उनसे काफी पीछे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
