रिकी पोंटिंग ने पंत और कार्तिक को बताया टी20 विश्व कप के लिए बेस्ट प्लेयर, कहा- इन्हें लिया जाए टीम में
नई दिल्ली, जुलाई 21। ऑस्ट्रेलिया में इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अभी भारतीय टीम की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों के बीच तगड़ा कॉम्पिटिशन देखने को मिल रहा है। ऐसा ही एक कॉम्पिटिशन ऋषभ, दिनेश कार्तिक और ईशान किशन के बीच चल रहा है कि आखिर इन तीन खिलाड़ियों में से किसे टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में चुना जाएगा। वैसे दावेदारी पंत और दिनेश कार्तिक की मजबूत नजर आ रही है, लेकिन ईशान किशन ने भी पिछले कुछ मैचों में धमाकेदार प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी को प्रबल किया है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग ने कहा है कि टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में पंत और कार्तिक को शामिल किया जाना चाहिए।

पंत और कार्तिक को मिले पहले तवज्जो- पोंटिंग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिकी पोंटिंग का मानना है कि भारतीय टीम प्रबंधन को आगामी टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक को ईशान किशन से पहले तवज्जो देनी चाहिए। आपको बता दें कि ऋषभ पंत ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर पहले टेस्ट और फिर वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। तीसरे वनडे में पंत ने 125 रनों की पारी खेली थी और भारत को मैच भी जिताया था। हालांकि ऋषभ पंत टी20 सीरीज में उस लय में नजर नहीं आए थे। वहीं दिनेश कार्तिक ने आईपीएल 2022 में आरसीबी की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया में वापसी की है।
पोंटिंग ने पंत और कार्तिक को लेकर क्या कहा?
आपको बता दें कि दिनेश कार्तिक ने आईपीएल 2022 के पूरे सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए लगातार अच्छी पारियां खेली। आईपील में कार्तिक के प्रदर्शन के आधार पर ही उनकी टी20 इंटरनेशनल में वापसी हुई और उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम में शामिल किया गया था। उस सीरीज के एक मैच में उन्होंने अर्द्धशतक भी लगाया था। रिकी पोंटिंग ने पंत और कार्तिक दोनों ही खिलाड़ियों का नाम टी20 विश्व कप के लिए सुझाया है। रिकी पोंटिंग ने दिल्ली कैपिटल्स में पंत के साथ काफी समय बिताया है। पोंटिंग का मानना है कि पंत की ताकत से वो अच्छी तरह से वाकिफ हैं वहीं दिनेश कार्तिक अपने अनुभव के जरिए मिडिल ऑर्डर में खाली पड़े स्थान को भर सकते हैं
रिंकी पोंटिंग ने कहा है कि मैं जानता हूं कि ऋषभ पंत टी20 क्रिकेट में क्या करने की ताकत रखते हैं। पोंटिंग ने यह सुझाव दिया है कि भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पांड्या के साथ दिनेश कार्तिक की जोड़ी एकदम परफेक्ट हैं, लेकिन ऐसे में सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर और ईशान किशन में से कोई टीम में जगह बनाने से चूक सकता है, लेकिन मुझे लगता है कि सूर्या मौजूदा फॉर्म को देखते हुए शायद ही टीम से बाहर किए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications