रिंकू सिंह के बर्थडे पर मंगेतर प्रिया सरोज ने लुटाया प्यार, लिखा कुछ ऐसा जिसकी हो रही जोरदार चर्चा
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के लिए 12 अक्टूबर का दिन बेहद खास है। वह अपना 29वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास मौके पर उन्हें उनकी मंगेतर और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने प्यार भरे अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। प्रिया के संदेश में रिंकू के लिए खुशियों और कामयाबी की दुआ है, तो साथ ही दोनों के आने वाले कल की खूबसूरत झलक भी दिखाई देती है। प्रिया ने रिंकू के ऊपर प्यार लुटाया है।
प्रिया सरोज ने रिंकू को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा 'हैप्पी बर्थडे, RK, मेरी बस यही दुआ है कि जिंदगी आपको वो सारी खुशियां, प्यार और कामयाबी दे, जिसके आप सच में हकदार हैं। आपके पास हमेशा मुस्कुराने की वजह हो और आपके सभी सपने पूरे हों। आपके लिए, हमारे लिए और जिंदगी भर बनने वाली खूबसूरत यादों के लिए शुभकामनाएं।'

प्रिया के इस मैसेज में सबसे खास बात आखिरी लाइन है, जिसमें उन्होंने रिंकू के साथ जिंदगी भर खूबसूरत यादें बनाने की बात कही है। उनका यह संदेश ऐसे समय आया है, जब दोनों अपनी जिंदगी के नए सफर की तैयारी कर रहे हैं।
जन्मदिन से पहले रिंकू ने रणजी में ठोका शतक
रिंकू सिंह के लिए जन्मदिन की खुशी के बीच क्रिकेट के मैदान से भी शानदार खबर आई। उत्तर प्रदेश की ओर से रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए रिंकू ने बिहार के खिलाफ दमदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 168 गेंदों पर 112 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। भारतीय टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने में व्यस्त है लेकिन रिंकू टीम इंडिया में नहीं हैं। वह नेशनल टीम से अभी बाहर चल रहे हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं।
दिसंबर में शादी के बंधन में बंधेंगे रिंकू और प्रिया
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। अब दोनों की शादी की तारीख भी तय हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रिंकू और प्रिया 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ में शादी करेंगे। रिंकू के पिता का निधन होने की वजह से शादी का समय आगे खिसका दिया गया था। अब दोनों पति और पत्नी बनने के लिए बिल्कुल तैयार हैं।


Click it and Unblock the Notifications
