'इस वजह से नहीं चुना...,' रिंकू सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप में नहीं चुने जाने पर तोड़ी चुप्पी, बयां किया दर्द
T20 World Cup 2024: भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं द्वारा रिंकू सिंह (Rinku Singh) को टी20 विश्व कप 2024 टीम से बाहर करने के फैसले की फैंस और विशेषज्ञों दोनों ने काफी आलोचना की। बीसीसीआई ने ऑलराउंडर विकल्प के रूप में शिवम दुबे और अक्षर पटेल के साथ जाने का फैसला किया, जिसके कारण रिंकू को रिजर्व में ही जगह मिल सकी।
आईपीएल में रिंकू सिंह को नहीं मिले मौके
रिंकू के लिए यह आईपीएल अभियान खराब रहा क्योंकि उन्हें बल्लेबाजी के ज्यादा मौके नहीं मिले और वे सिर्फ 168 रन ही बना पाए। हालांकि, केकेआर ने आईपीएल 2024 का खिताब जीत लिया और रिंकू ने अब टी20 विश्व कप में टीम में शामिल न किए जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

वर्ल्ड कप टीम में चयन नहीं होने पर क्या बोले रिकू सिंह?
हाल ही में एक इंटरव्यू में रिंकू ने कहा कि उन्हें टीम में शामिल न करने का फैसला टीम की संरचना के कारण लिया गया और उन्होंने इस फैसले के बारे में कप्तान रोहित शर्मा से हुई बातचीत का भी खुलासा किया।
रिंकू सिंह और रोहित शर्मा के बीच क्या बातचीत हुई
रिंकू ने दैनिक जागरण को दिए इंटरव्यू में कहा कि, 'हां, अच्छे प्रदर्शन के बावजूद अगर किसी का चयन नहीं होता है तो उसे थोड़ा बुरा लगता है। हालांकि, इस बार टीम संयोजन के कारण मेरा चयन नहीं हो सका। कोई बात नहीं, जो चीज आपके हाथ में नहीं है, उसके बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। हां, शुरुआत में मैं थोड़ा परेशान था। जो हुआ, ठीक है। जो हुआ, अच्छे के लिए हुआ। रोहित भैया ने कुछ खास नहीं कहा। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि बस मेहनत करते रहो। दो साल बाद फिर से विश्व कप है। ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने मुझसे यही कहा।'
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 के फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह फ्रेंचाइजी के लिए तीसरी आईपीएल ट्रॉफी थी।
ये भी पढ़ें- 'देश के लिए...,' क्या टीम इंडिया के कोच के लिए जय शाह ने गौतम गंभीर को मनाया? सामने आई दोनों की बातचीत
जीत के बाद रिंकू ने कहा, 'अभी बहुत अच्छा लग रहा है। सपना सच हो गया है- मैं यहां 7 साल से हूं और हम बहुत खुश हैं। जीजी सर (गौतम गंभीर) को श्रेय जाता है। मैं आखिरकार आईपीएल ट्रॉफी उठाऊंगा। यह भगवान की ही योजना थी।'












Click it and Unblock the Notifications