Virat Kohli और Gautam Gambhir के बीच समझौता कराएंगे रवि शास्त्री? जानें विवाद को लेकर क्या बोले पूर्व कोच
IPL 2023: एलएसजी और आरसीबी के मैच के दौरान विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच हुई तीखी नोकझोंक के कारण दोनों पर बीसीसीआई ने भारी जुर्माना लगाया था। इस बीच रवि शास्त्री ने दोनों खिलाड़ियों के बीच समझौता कराने की बात कही।

Virat Kohli Gautam Gambhir Clash: विराट कोहली और गौतम गंभीर विश्व क्रिकेट में दो बहुत बड़े नाम हैं, लेकिन आईपीएल के 43 मैच में दोनों के बीच जो कुछ भी हुआ, वो क्रिकेट के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है। सोमवार को एलएसजी के खिलाफ आरसीबी ने जीत दर्ज की, इसके बाद किसी बात को लेकर विराट कोहली और एलएसजी के खिलाड़ी नवीन-उल-हक के बीच विवाद हुआ था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि लड़ाई किसने शुरू की थी। मैच खत्म होने के बाद गंभीर और कोहली के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
आईपीएल के नियमों का उल्लंघन करने पर विराट कोहली, गौतम गंभीर और नवीन उल हक पर जुर्माना भी लगाया गया। इस बीच अन्य दिग्गजों की तरह इस विवाद को लेकर टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री भी खुश नहीं हैं।उन्होंने कहा कि वह स्टार जोड़ी के बीच मध्यस्थता और चीजों को शांत करने के लिए तैयार हैं।
रवि शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स के साथ इस विवाद को लेकर बातचीत के दौरान कहा कि, 'मुझे लगता है कि एक या दो दिन में उन्हें एहसास होगा कि इसे बहुत बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था। दोनों दिल्ली से आते हैं, और उन्होंने काफी क्रिकेट खेली है। मुझे लगता है कि सबसे अच्छी बात यह होगी कि दोनों को बैठाया जाए और इसे खत्म किया जाए।'
उन्होंने कहा कि, 'एलएसजी और आरसीबी के मैच में जो कुछ हुआ वो गलत था। इस तरह की चीजें मैदान पर नहीं होनी चाहिए, क्योंकि दुनियाभर के करोड़ों फैंस आपको देख रहे होते हैं। रवि शास्त्री का मानना है कि इस तरह के वाद-विवाद अगर बंद कमरे में ही हों तो अच्छा है।'
रवि शास्त्री से जब पूछा गया कि क्या वो इस मामले को शांत कराने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि 'जैसे भी हो ये मामला सुलझना चाहिए। अगर मुझे करना है तो मैं इसके लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि, अगर ये टीमें आपस में फिर भिड़ेंगी, तब फिर से इस तरह की चीजें देखने को मिल सकती हैं।'
दरअसल, कोहली और गंभीर पर आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। मैच के बाद जब खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे, तब एलएसजी गेंदबाज नवीन-उल-हक और कोहली के बीच कुछ कहासुनी हुई थी, हालांकि, आरसीबी के ग्लेन मेक्सवेल ने उन्हें अलग कर दिया। इसके बाद गौतम गंभीर और विराट कोहली के बीच कुछ कहासुनी हुई थी।
शुरू में कोहली को गंभीर का कंधा पकड़े हुए देखा गया था, लेकिन जैसे-जैसे गर्मागर्म आदान-प्रदान जारी रहा, अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा, आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसिस और एलएसजी के सहायक कोच विजय दहिया ने भी दोनों को अलग किया। इस तकरार के बाद कोहली को एलएसजी कप्तान राहुल से बात करते भी देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications