मिमिक्री ही नहीं क्रिकेट कमेंट्री से भी लोगों को हंसाते थे राजू श्रीवास्तव, खास अंदाज में बताते थे मैच का हाल
मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का आज 58 साल की उम्र में निधन हो गया। दिल्ली के एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली।
नई दिल्ली, 21 सितंबर: मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का आज 58 साल की उम्र में निधन हो गया। दिल्ली के एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह बीते 41 दिनों से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे लेकिन आज सुबह आखिरकार वह हार गए। उनकी मौत से पूरे देश में शोक की लहर है। कभी अपनी कॉमेडी से रोते हुए को हंसा देने वाले राजू आज हम सब को गमगीन कर गए। राजू श्रीवास्तव की प्रोफेशनल लाइफ के बारे में आप बखूबी जानते होंगे। लेकिन कम ही लोगों को पता होगा कि मिमिक्री के साथ ही वह क्रिकेट कमेंट्री भी किया करते थे।

शॉट का नाम जाने बिना ही करते थे कमेंट्री
राजू की क्रिकेट कमेंट्री का स्ट्राइल काफी अलग हुआ करता था। मनोरंजन के साथ ही उन्हें क्रिकेट से भी खासा लगाव था। वह अक्सर अपने शोज में क्रिकेट पर बात किया करते थे। अपने एक इंटरव्यू में मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन ने खुलासा किया था कि करियर के शुरुआती दिनों में वह क्रिकेट कमेंट्री भी किया करते थे। लेकिन राजू हर काम को अपने खास अंदाज में ही करते थे ऐसे में कमेंट्री भी वह अपने स्टाइल में ही करते थे। उन्होंने बताया था कि उन्हें क्रिकेट के शॉट्स की समझ तो थी नहीं। ऐसे में वह प्लेयर्स के बारे में बताकर लोगों को मनोरंजन करते थे। राजू गली को गली क्रिकेट में कमेंट्री के लिए बुलाया जाता था और वह स्थानीय खिलाड़ियों को पर्सनली जानते थे।
असली नाम नहीं था राजू
- राजू श्रीवास्तव का असली नाम राजू नहीं बल्कि सत्यप्रकाश श्रीवास्तव था।
- वह उत्तर प्रदेश के कानपुर के एक मीडिल क्लास परिवार से ताल्लुक रखते थे।
- राजू को बचपन से ही मिमिक्री का शौक था। वह स्कूल के दिनों से मिमिक्री करते थे।
- साल 1982 में राजू श्रीवास्तव करियर की तलाश में मुंबई चले गए थे।
- शुरुआती दिनों में अपना गुजारा करने के लिए वह ऑटो चलाते थे।
- इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में छोटे-छोटे रोल भी किए।
- अनिल कपूर की फिल्म तेजाब से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया था।
- उन्होंने मैंने प्यार किया, बाजीगर, आमदनी अठन्नी खर्चा रुपइया, वाह तेरा क्या कहना, मैं प्रेम की दीवानी हूं जैसी फिल्मों में काम किया।
- साल 2005 में उन्होंने शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में हिस्सा लिया था और उप-विजेता रहे। इससे उन्हें देशभर में पहचान मिली।
- राजू टीवी के मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस-3 में भी नजर आए थे।
- उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया। साल 2014 में उन्हें सपा ने कानपुर से लोकसभा का टिकट दिया।
- हालांकि उन्होंने टिकट वापस कर के बीजेपी जॉइन कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications