राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स को दिया झटका, अचानक छोड़ दिया कोच का पद, आखिर क्या है कारण?
Rahul Dravid Steps Down: आईपीएल टीमों की तरफ से अब बदलाव की शुरुआत कर दी गई है, राजस्थान रॉयल्स के कोच के रूप में काम कर रहे राहुल द्रविड़ ने अपना पद छोड़ दिया है। पिछले सीजन रॉयल्स के साथ द्रविड़ जुड़े हुए थे लेकिन अगले सीजन में अब कोई नया कोच ही दिखाई देने वाला है।
राहुल द्रविड़ के जाने पर राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया है और इस दिग्गज को धन्यवाद दिया है। रॉयल्स ने लिखा कि आपकी मौजूदगी ने पिंक में युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों दोनों को प्रेरित किया। आप हमेशा एक रॉयल रहेंगे। हम हमेशा आभारी रहेंगे।

द्रविड़ को लकर फ्रेंचाइजी ने एक बयान भी जारी किया और कहा कि राहुल रॉयल्स के सफर में कई वर्षों से एक केंद्रीय स्तंभ रहे हैं। उनके नेतृत्व ने एक पूरी पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रभावित किया, टीम में मजबूत मूल्यों का संचार किया और फ्रेंचाइज़ी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी। फ्रेंचाइज़ी की संरचनात्मक समीक्षा के हिस्से के रूप में, राहुल को एक व्यापक भूमिका की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया है। राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनिया भर के लाखों प्रशंसक राहुल को फ्रेंचाइज़ी के लिए उनके अद्वितीय योगदान के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं।
पिछले सीजन राहुल द्रविड़ पांव की मांसपेशियों में समस्या की वजह से वॉकर बूट पहनकर आए थे। वह बैशाखी के सहारे चल रहे थे। इस स्थिति में वह टीम को कोचिंग देने के लिए आए थे। चारों तरफ उनकी तस्वीर वायरल हुई थी और जमकर तारीफ भी मिली।
हालांकि द्रविड़ के समर्पण का असर टीम के ऊपर नहीं हुआ। राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। टीम प्लेऑफ़ में नहीं जा पाई। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की गुंजाइश महसूस हुई। राजस्थान रॉयल्स की काफी आलोचना भी देखी गई।
टीम ने 14 मैच खेलकर महज 4 जीत दर्ज की और 9वें स्थान के साथ अपना अभियान समाप्त हुआ। इससे कयास लगाए जा रहे थे कि अब बदलाव तो होंगे। द्रविड़ को लेकर ऐसी कोई खबर नहीं आई थी लेकिन अंदरखाने काफी कुछ चल रहा होगा, चीजें सामने आनी अब शुरू हुई है।
उधर संजू सैमसन को लेकर भी खबर आ रही है कि उनको रिलीज किया जाएगा। संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड करने की खबरें भी सामने आई हैं। अगर इन खबरों में थोड़ी भी सच्चाई है, तो आने वाले कुछ ही समय में संजू सैमसन को लेकर भी स्थिति साफ़ हो जानी है।












Click it and Unblock the Notifications